रिश्तों का मोल - अनु महेश्वरी
भीड़ में रिश्तों की परछाइयाँ न ढूँढें,
रिश्ते ऐसे बनाएँ, जो दिल से हो जुड़ें।
चाहे गिने-चुने लोग हों जीवन में साथ,
पर हों पास, ज़रूरत में थामने को हाथ।
कारवाँ ऐसा हो, ख़ामोशी भी पढ़ सके,
ख़ुशियों में शामिल हो, संग मुस्कुराए।
ग़म में चुपचाप आकर हाथ थाम लें,
जुगनू बन धुँधली रात में राह दिखाए।
गिनती में कम हों, मगर दिल के हो पास,
जब मिले, गहरा हो जुड़ाव का विश्वास।
अपनापन ऐसा जैसे मिश्री की मिठास,
ना हो मिलने के लिए ज़रूरतों की तलाश।
ना कोई दिखावा, ना हो स्वार्थ की बात,
बराबरी की हो कोशिश, रहने की साथ।
नाम भर के लिए जुड़ने से रिश्ता बने कहाँ?
मिलने की चाह भी न हो — वो कैसा जहाँ?
संवाद का विवेक - अनु महेश्वरी
क्षण भर ठहरो, फिर बोलो, सोच ज़रा परिणाम,
प्रतिक्रिया में होता बस, मन के भावों का तूफ़ान।
गुस्से में जो शब्द निकलते, लगे बरसती तलवार,
शांत रह जब कोई जवाब दे, पाए सबसे मान।
किसी की स्थिति में ज़रा, खुद को रखकर सोचो,
शब्दों का चयन हो सटीक, तभी मिले समाधान।
हर कहे शब्द अपने हों, न करो उधार लेकर वार,
संकट की घड़ी में रखो, ज़िम्मेदारी का ज़रा ध्यान।
सोच समझकर बोले बोल, हर शब्द बने पहचान,
भावनाओं में बह गए गर, खो सकते हो सम्मान।
अम्बे माँ - अनु महेश्वरी
माँ की शरण में जो कोई आया,
घर में सुख-शांति सब ने पाया।
आओ हम भी माँ से नाता जोड़ें,
मिलकर अम्बे माँ को हम पुकारें।
खुशियों का वरदान मिल जाएगा,
शीश झुकाएं चलो मैया के द्वारे।
माँ की शरण में जो कोई आया,
घर में सुख-शांति सब ने पाया।
माँ के दरबार में ज्योत जलाएं,
मिलकर जयकारा हम लगाएं।
माँ के आशीर्वाद के प्रसाद से,
जीवन सबका धन्य हो जाए।
माँ की शरण में जो कोई आया,
घर में सुख-शांति सब ने पाया।
अनु महेश्वरी
एहसास - अनु महेश्वरी
कुछ छूट रहा कहीं,
मालूम नहीं क्या,
बस भाग रही,
समय के साथ ज़िंदगी भी,
किसी के पास समय नहीं,
सब अपने में हैं खोए।
चाहत है सबको कुछ पाने की,
ख़्वाहिशें, जो कभी पूरी ही नहीं होतीं,
यह लोगों को रुकने भी नहीं देती,
सब बस चलते जा रहे,
एक अनजानी भीड़ का हिस्सा बन,
और खुद से ही दूर होते जा रहेI
सब मानो आगे बढ़ रहे,
मंज़िल का किसी को पता नहीं,
क्योंकि मंज़िल अगर मालूम होती,
तो यह यात्रा कहीं तो जाकर रुकती,
जीवन में संतोष होता,
पर नहीं...
जो है या मिल गया,
वो चाहिए नहीं,
जो मिला नहीं, या मिल नहीं सकता,
उसको पाने की है ज़िद,
यह ज़िद...
इंसान को इंसान रहने नहीं दे रही।
कहाँ जाकर तलाश पूरी होगी,
इसकी ख़बर अगर है नहीं,
रुक कर देखो तो सही,
शायद मंजिल हो,
तुम्हारे कदमों तले ही,
और तुम्हें एहसास ही नहीं।
और तुम्हें एहसास ही नहीं।
अनु महेश्वरी
हाँ और ना - अनु महेश्वरी
हर बात में हाँ न बोलो,
हर बात में ना न बोलो।
जब हो खफा, मुंह न खोलो,
खुश हो, हवा में न बोलो।
सच्चा हितैषी न कोई,
सबको कभी सब न बोलो।
मुद्दा न आए समझ तो,
बढ़-चढ़ के फिर तुम न बोलो।
रहता बदलता समय जो,
कुछ भी कहीं भी न बोलो।
बिगड़े बनी बात भी जो,
संभल के गर तुम न बोलो।
अनु महेश्वरी -हमें चरणों में जगह दो,
हमें चरणों में जगह दो,
ओ गिरिधर बंसी वाले।
हमें चरणों में जगह दो,
ओ कान्हा बंसी वाले।
ओ गिरिधर बंसी वाले।
ओ कान्हा बंसी वाले।।
निर्बल की तो तुम ने,
हर विपदा को हरा है।
बिगड़े काम बना दे,
ओ गिरिधर बंसी वाले।
हम पे कृपा बरसादे,
ओ कान्हा बंसी वाले।
ओ गिरिधर बंसी वाले।
ओ कान्हा बंसी वाले।।
हमें चरणों में जगह दो,
ओ गिरिधर बंसी वाले।
हमें चरणों में जगह दो,
ओ कान्हा बंसी वाले।
ओ गिरिधर बंसी वाले।
ओ कान्हा बंसी वाले।।
बन रोशनी तू आना,
जब जीवन में हो अंधेरा।
तू बस सम्भाल लेना,
ओ गिरिधर बंसी वाले।
तू है उम्मीद की किरण,
ओ कान्हा बंसी वाले।
ओ गिरिधर बंसी वाले।
ओ कान्हा बंसी वाले।।
हमें चरणों में जगह दो,
ओ गिरिधर बंसी वाले।
हमें चरणों में जगह दो,
ओ कान्हा बंसी वाले।
ओ गिरिधर बंसी वाले।
ओ कान्हा बंसी वाले।।
बिना शब्द संवाद - अनु महेश्वरी
अगर कभी लगे थका हुआ-सा,
साँसें भी बोझिल सी लगने लगें,
तब इतनी सी बात याद रखना —
राह जो धुंधली दिखे, ज़रूरी नहीं अधूरी हो।
मत छुपाना आसुओं को आँखों में,
उन्हें अश्रु बन बह जाने देना,
शब्द नहीं, ख़ामोशी भी पढ़ ले,
ऐसा कोई हमसाया जब ज़िंदगी में साथ हो।
जो सुन सके हर टूटा लफ़्ज़ भी,
ना सलाह दे, ना दे बस उपदेश ही,
ना केवल झूठी उम्मीदें ही बाँधे,
मगर हर मोड़ पे साथ चलने को तैयार हो।
कभी कुछ ग़लत सोचने भर से
दिल में उसके भी हो हलचल सी,
ऐसा अपना जब कोई साथ हो,
समझ लो, कुछ तो कशिश बाकी है जीने में।
-------
छोड़ कर देखो - अनु महेश्वरी
हर एक बात को दिल से लगाना छोड़ कर देखो,
दर्द भरी स्मृतियों को याद रखना छोड़ कर देखो।
उम्मीद के बिना शिकायतें कम होती हैं शायद,
हर रिश्ते से फिर उम्मीद रखना छोड़ कर देखो।
हर इंसान की अपनी कुछ हो सकती परेशानी,
समझे बिना किसी को आँकना छोड़ कर देखो।
ख़ुद पर भरोसा रख, जगा अपना आत्मविश्वास,
थोड़ा मुस्कुरा, हर ग़म में डूबना छोड़ कर देखो।
जीवन भी सुकून भरी शांति से जी जा सकता,
छोटी-छोटी उलझनों से घबराना छोड़ कर देखो।
-------
थोड़ी-सी सहानुभूति - अनु महेश्वरी
ज़िंदगी उतनी उलझी हुई कहाँ थी,
जितनी लोगों ने अब उलझा है दी।
समझने की करे कोई ज़रा कोशिश,
क्या सही है, कहाँ हो रही गलती।
सभी उलझे हैं अपने ही दायरे में,
हर फ़ैसला बस पसंद-नापसंद का।
किसी को वक़्त नहीं ठहर के सोचे,
दिल से ज़रा समझे दर्द दूसरे का।
कोई किसी की सुनना चाहे कहाँ,
हर कोई बोले बस अपनी बात।
अपनी सोच को सब ठहराएं सही,
अंदर ना आने दे औरों की बात।
ना सब कुछ सही, ना सब ग़लत,
हालात से बदलते रहते सारे रंग।
सब इधर से उधर बस घूम ही रहे,
दो सिरों के बीच जैसे लटकी पतंग।
जब कोई ना समझ सके मनोदशा,
मिल न पाए अपनों का भी साथ।
हर बार कसौटी पर उतरना पड़े खरा,
तब समझौता या फिर होती बगावत।
जब भी मिले कोई टूटा हुआ सा,
अगर न बन पड़े कुछ कहने को भी,
बस थोड़ा-सा अपनापन दिखा देना,
कहीं चाह जग जाए फिर जीने की।
-------
सीमाएं हैं ज़रूरी - अनु महेश्वरी
धीरे-धीरे यथार्थ की राह पकड़,
हर छलावे से खुद को दूर कर।
सपनों के जाल से बाहर निकल,
सच की ज़मीन को महसूस कर।
जब हम पहचानने लगे हदें खुद की,
नापी जा सकती सीमाएं स्नेह से भी।
यह खुदगर्ज़ी नहीं, है आत्म-सम्मान,
कुछ मर्यादा होती हर एक रिश्ते की।
हर दरवाज़ा दस्तक नहीं माँगता,
पर हर चौखट पर आदर ज़रूरी।
मौन की भाषा गर पढ़ना सीख लो,
जीवन में बनी रहे तभी सदा खुद्दारी।
अपने दिल की सुनो, पर धैर्य रखो,
खामोशी भी कहती है अपनी गाथा।
जब मौन को मिल जाए संवाद कोई,
बन पाए ज़िंदगी में अटूट एक नाता।
------
ए वक़्त - अनु महेश्वरी
ए वक़्त,
ज़रा ठहर क्यों नहीं जाता?
हर लम्हा मुझसे,
कुछ ना कुछ छीन ले जाता।
तेरी रफ़्तार में...
हर पल कुछ दूर हो रहा,
जो पास था कभी,
अब कहीं खोता जा रहा।
तू क्यों नहीं सुनता,
दिल की यह दबी पुकार?
थोड़ी देर ही सही,
थम क्यों नहीं जाता, एक बार?
कुछ बिखरे हुए रिश्ते,
जिन्हें तू जोड़ न पाया,
कुछ अधूरे सवालों के जवाब...
लेकर, तू क्यों न आया?
कभी तो पलट कर देख,
क्या छूटा पीछे?
कुछ रिश्ते अब भी,
पीछे की ओर हैं खींचे।
पल दो पल के लिए ही सही,
क्या रोक नहीं सकता अपनी रफ़्तार?
बीते पलों में लौट कर, मैं भी...
जी भर जी लूँ... फिर से एक बार।
मैंने पूछा तुझसे...
क्या तू थकता नहीं...?
या चुपचाप बस...
चलता ही रहेगा... यूँ ही?
तेरी खामोशी भी...
बहुत कुछ कह जाती है,
हर बिछड़न में...
इक बेबसी नज़र आती है।
No comments:
Post a Comment