Sunday, June 15, 2025

Uma Vishwakarma

हर तरफ़ उथल पुथल है । देश विदेश में होने वाली आकस्मिक और मानव जनित घटनाओं से मन अशांत है .....

है सारी दुनियाँ, में क्यों तबाही ?
हमें ये उलझन, समझ न आई ।

क्यों एक दूजे, से दुश्मनी है
बिना वजह इतनी, क्यों ठनी है
पता नहीं क्या, मिलेगा लड़ के ?
क्यों बढ़ रही है, दिलों में खाई ?

है होड़ सबसे, सशक्त हो हम ।
जो शेष हों वो, सदा रहे कम ।
जो कोशिशों से, बढ़ेगा आगे,
उसे मिटा देंगे, आततायी ।

मिटाने पर क्यों, तुले हो आख़िर ?
क्यों लग रहा है, तुम्हीं हो शातिर ।
न जाने क्या कल, है होने वाला ?
तुम्हें ख़बर ना, हमें है भाई ।

तहस नहस, हो रही हैं बस्ती
यहाँ है जीवन, से मौत सस्ती
मिसाइलें ड्रोन से, गिरे बम
उजाड़ घर, बस्तियाँ जलाई ।

जिधर उठाती, हूँ अपनी नज़रे 
उधर दिखाई, पड़े हैं ख़तरे 
सुलग रही, आज अपनी धरती
ये आग किसने यहाँ लगाई ?

उमा विश्वकर्मा


देश के भीतर जाने कितने, छुपे हुए गद्दार हैं ।
ये दीमक हैं, देश खोखला, करने को तैयार हैं ।

ढूंढो और निकालो इनको,
मिलकर इनकी, खोज करो ।
उदासीनता त्यागो और अब,
कर्तव्यों का, बोध करो ।
जिन्हें वतन से प्रेम नहीं, वो दोधारी तलवार है ।
ये दीमक हैं, देश खोखला, करने को तैयार हैं ।

मकसद पूरा, करने को,
नाक रगड़ कर, जी लेंगे ।
मतलब पर, तलुवे चाटेंगे, 
पग धो कर भी, पी लेंगे ।
सभी सपेरों से है यारी, सांप भी इनके यार हैं ।
ये दीमक हैं, देश खोखला, करने को तैयार हैं ।

देश प्रेम का, पाठ पढ़ा ना, 
नफ़रत की, भाषा पढ़ ली ।
स्वार्थ सदा, सिर चढ़ के बोला,
झूठी सच्ची, बातें गढ़ ली ।
फ़ितरत इनकी रही स्वार्थी, बाकी सब बेकार है ।
ये दीमक हैं, देश खोखला, करने को तैयार हैं ।

उमा विश्वकर्मा


श्री राम जन्म उत्सव .....2025
राम रमैया, ता ता थैया, मीठे मीठे बोल । 
राम जन्म का उत्सव है ये, बजे नगाड़े ढ़ोल । 

स्वर्णिम तिलक लगा मस्तक पर,
शुभ मंगल घड़ी आई है । 
अवध नगरिया झूम रही है,
अंगना बजी बधाई है ।

कई बरस बाद यहां सब, नाच रहे दिल खोल ।
राम जन्म का उत्सव है ये, बजे नगाड़े ढ़ोल ।

राम लला के भव्य भवन में 
भीड़ जुटी है भारी । 
आलौकिक और दिव्य रूप के,
दर्शन की तैयारी । 

आनन्दित है तारामंडल, हर्षित हुआ खगोल ।
राम जन्म का उत्सव है ये, बजे नगाड़े ढ़ोल ।

गाये सोहर और बधाई
ढोल मंजीरा बाजे ।
राम लखन और भारत शत्रुघ्न
मुख मुस्कान बिराजे ।

उड़े अबीर गुलाल अवध में, टेसू का रंग घोल ।
राम जन्म का उत्सव है ये, बजे नगाड़े ढ़ोल ।

स्वलिखित रचना
उमा विश्वकर्मा
जाति धर्म से ऊपर उठ, अपने कर्तव्य निभाओ ।
द्वेष भाव को पीछे छोड़ो, सबको गले लगाओ ।

शोर सिर्फ शोर होता है, कोई मत शोर मचाओ ।
ध्वनि प्रदूषण हानिकारक, ये सबको बतलाओ ।

बजे बैंड नाचे बाराती, जाकर उनको समझाओ ।
घंटों जाम लगाते जो, उन पर प्रतिबंध लगाओ ।

होली, ईद, दीवाली पर, एक नियम अपनाओ ।
शादी और समारोहों पर, डी जे बंद कराओ ।

हो सम्मान सभी धर्मों का, भेदभाव मत लाओ ।
रहे दिलों में भाई चारा, पथ पर दीप जलाओ ।
......उमा विश्वकर्मा


महिला दिवस पर विशेष .....आप सभी को समर्पित रचना

हे नारी ! 
अब तुम, बनना मत बेचारी ।

ख़ुद की पहचान, बना ले तू ।
अब अपनी मंज़िल, पा ले तू ।
तुमने जंग, कभी ना हारी ।
अब तुम बनना मत बेचारी ।

संघर्ष किए और, ताप सही ।
अपनी बीती ना, कभी कही ?
बहुत निभा ली, जिम्मेदारी ।
अब तुम, बनना मत बेचारी ।

पथरीली राहें, अब छोड़ ।
खुद से खुद का, रिश्ता जोड़ ।
रिश्तों की, तुम हो फुलवारी ।
अब तुम, बनना मत बेचारी ।

अंबर तक, परवाज़ हो तेरी ।
बजने लगी है अब रणभेरी ।
संकल्प साध, तू कर तैयारी ।
अब तुम, बनना मत बेचारी ।

मौलिक रचना 
उमा विश्वकर्मा

पुलवामा के शहीदों के नाम .....

शत - शत वंदन अभिनन्दन है, बलिदान हुए माटी पर जो ।
मैं झुक कर शीश झुकाती हूँ,  कुर्बान हुए घाटी पर जो ।

छल, धोखा और षडयंत्रों से, 
वो जब - जब सेंध लगाते हैं ।
सरहद पर योद्धा डटे हुए, 
जो उनको मार भगाते हैं ।

मर मिटने को तैयार रहे, इस देश की परिपाटी पर जो ।
शत - शत वंदन अभिनन्दन है, बलिदान हुए माटी पर जो ।
 

उस रज का कण - कण पावन है, 
जिस पर वीरों ने पाँव धरे ।
श्रम बूंदों से सिंचित हो कर, 
हों बंजर में भी वृक्ष हरे ।

है कोटि -कोटि आशीष उन्हें, चढ़े दुश्मन की छाती पर जो ।
शत -शत वंदन अभिनन्दन है, बलिदान हुए माटी पर जो ।

उमा विश्वकर्मा


ये रास्ते भी अजीब हैं
खुद ठहरे हैं 
पर दुनियाँ को चलाते हैं
न जाने कितने लोग 
इस पर चल कर
अलग-अलग दिशा की ओर जाते हैं 
कुछ भटकते हैं 
तो कुछ मंजिलों को पाते हैं
गाँव की पगडंडियों से लेकर
हाई वे तक
ये रास्ते ही तो हैं
हमारी जरूरत के हिसाब से
फोर लेन, सिक्स लेन 
बनते हैं
कंक्रीट के पिलर पर तनते हैं 
और तो और, पानी पर झूलते रास्ते भी
हमें गंतव्य की ओर जाते हैं.....
उमा s विश्वकर्मा

No comments:

Post a Comment

ANKITA SINGH

  कुछ भी पूछूँ तो तबस्सुम में उड़ा देता है,(तबस्सुम:हँसी) जाने किस जन्म की बातों की सज़ा देता है! मुस्कुराके वो जलाता है ख़यालों के चराग़ अन...