Sunday, June 15, 2025

Kriti Chaubey

क्या लगेगी अँधेरों की मुझको नज़र,
रोशनी  ने  उतारी  बलाएँ  मेरी!

ये तो सच है कि लहरों से घबरा गई।
बहते-बहते मगर आप तक आ गई।
अब तो तूफ़ान से खौफ़ लगता नहीं,
बन के साहिल खड़ी हैं वफाएँ मेरी!

आइने की  तरफ़  प्रश्न बन के खड़ी।
ख़ुद में उलझी रही, बेबसी की कड़ी।
तुम मिले तो  सभी अर्थ  रौशन हुए,
आसमाँ  तक  गई हैं  सदाएँ  मेरी!

कल न होंगे कहीं, दोनों संसार में।
पर रहेंगे  मुहब्बत के  दीदार में।
जब लबों पर  सजेंगे  तराने मेरे,
हँस उठेंगी फिज़ा में अदाएँ मेरी!

क्या लगेगी अंधेरों की मुझको नज़र,
रोशनी  ने  उतारी  बलाएँ  मेरी!

-कृति चौबे
Kriti Chaubey 

#kritichaubeypoetry #hindiurdupoetry #geet
#poetrylovers #hindiurdushayri #kavita #poetry

और चाहूँ नहीं कुछ सपन के लिए,
एक सूरत तुम्हारी नयन के लिए।।

मेरे श्रृंगार का तुम ही आधार हो।
बाँध लूँ प्राण से वो सरोकार हो।
देखते ही तुम्हें, भाव वंदन बना।
तुमको छू कर हृदय-घाव चंदन बना।

ये जनम तो है कम, इस लगन के लिए,
एक सूरत तुम्हारी नयन के लिए।।

तुम बसे हो तो मन, इतना पावन हुआ।
पहले पाषाण था, आज कुंदन हुआ।
प्रेम मन के लिए, एक आराधना।
प्रेम का मर्म सबसे बड़ी साधना।

नेह बरसे नयन, आचमन के लिए,
एक सूरत तुम्हारी नयन के लिए।।

प्रेम को ही झुका‌ है सदा शीश भी।
प्रेम आँसू भी है, प्रेम आशीष भी।
प्रेम से ही उजाला हृदय में  हुआ।
भाव दीपित हुए, प्रेम ने जब छुआ।

प्रेम वरदान भी है अमन के लिए,
एक सूरत तुम्हारी नयन के लिए।।

-कृति चौबे
Kriti Chaubey 

#kritichaubeypoetry #poetrycommunity #hindiurdushayri #geet #kavithai #poetrylovers 
#prakriti #lovepoetry #trendingpost #poetry

तेरी प्रीत बनारस कब होगी ?
मैं युगों-युगों से गंगा हूँ ! 

इस प्यार भरे मन मंदिर में,
सदियों से तेरी मूरत है ! 
हर धड़कन जिसकी हो बैठी
अनदेखी तेरी सूरत है ! 
काशी का पावन गंग घाट
दो प्राण बहेंगे साथ-साथ
मैं जनम-जनम से जली ज्योत
तू भी तो बोल पतंगा हूँ ! 
तेरी प्रीत बनारस कब होगी ?
मैं युगों-युगों से गंगा हूँ !

इक नाम तेरा ही दिल पर मैं
अंबर से लिखवा कर लाई ! 
है पावन जैसे रामचरित-
मानस की कोई चौपाई ! 
रमता जोगी जपता माला, 
जग भूल गया मन मतवाला
उर में तू ही, सुर में तू ही, 
मन गाता फिरे~ ‘मलंगा हूँ…’
तेरी प्रीत बनारस कब होगी ?
मैं युगों-युगों से गंगा हूँ !

हम साथ रहें कोलाहल भी
बिस्मिल्ला की शहनाई हो 
पुरवैया जैसे चौरसिया ने
बंसी-तान सुनाई हो 
मन बहता मीठा पानी है
कबिरा की प्रीत पुरानी है 
तू सात सुरों में ओमकार
मैं तुझमें बसी तरंगा हूँ ! 
तेरी प्रीत बनारस कब होगी ? 
मैं युगों-युगों से गंगा हूँ ! 

प्रिय अनुजा कृति चौबे का यह गीत मैंने हाल ही में, प्रिय रूपा राजपूत की स्मृति में आयोजित #नारायणी की कविता-संध्या में, उसी के आत्मीय स्वर में सुना था. उसी की उदार आज्ञा से इसे आप सबसे साझा कर रहा हूँ. वॉट्सएप के स्तरहीन लतीफ़ों, सस्ती तुकबंदियों और ग़ैर-ज़रूरी राजनैतिक टिप्पणियों से अट चुके वर्तमान कविता-मंच पर, कृति जैसे विशुद्ध कविता स्वर आश्वस्त करते हैं कि धीरे धीरे ही सही, पर यहीं कहीं किसी कोने-किनारे में कविता अब भी साँस ले रही है. शुभाशीष प्रिय कृति. 🥰

Aalok Shrivastav #आलोकनामा #AalokNama #KritiChaubey

|| गीत ||

मन की चपल तरंगों पर यदि 
पीड़ा शुभ अवरोध न होती
गति, दुर्गति में ढलती रहती,
मुक्त-कामना छलती रहती।।

विषम परिस्थिति की धरणी है, प्रखर चेतनाएँ बोने को
सुन्दरतम व्यक्तित्व बीज से, पुष्ट पल्लवित वृक्ष होने को
मेरे गुण,आचरण बिंब में, परम निहित है नींव तुम्हारी
ओ रे दुःख! तुम दया के नहीं, अभिनंदन के हो अधिकारी

पथ में यदि विचलन न टोकता 
पाठ संतुलन क्यों पढ़ते हम ?
दिशा-भ्रमित जीवन की चकरी 
बिना लक्ष्य ही चलती रहती
मुक्त-कामना छलती रहती।।

जीवन के ओझल पहलू से, परिचय करवाती है पीड़ा
हर पहलू को सहज भाव से, जीना सिखलाती है पीड़ा
सहज भावना से देखें तो, सृष्टि-जनित हर रंग सुघड़ है
दोष देखने पर आएँ तो, दिव्य चन्द्रमा भी बीहड़ है

पीड़ा से मुख मोड़ बाँसुरी
मधु-स्वर का वरदान न पाती
अति कोमलता स्वप्नों के मुख,
नित्य निराशा मलती रहती
मुक्त-कामना छलती रहती ।।

-कृति चौबे
Kriti Chaubey

#kritichaubeypoetry #hindiurdupoetry #गीत #hindi #गीतकार #हिंदीकविता #poetrylovers #postviralシ


No comments:

Post a Comment

ANKITA SINGH

  कुछ भी पूछूँ तो तबस्सुम में उड़ा देता है,(तबस्सुम:हँसी) जाने किस जन्म की बातों की सज़ा देता है! मुस्कुराके वो जलाता है ख़यालों के चराग़ अन...