उल्फ़त में फ़ुर्क़त पहनी हो
हिज्र में ये किसको पढ़ती हो?
मैंने शाना ढूँढ लिया है
और सुनाओ तुम कैसी हो?
आग लगे इस बस्ती को उफ़
सब कहते हैं तुम झूठी हो
इश्क़ नहीं है मुझसे तो फ़िर
घंटों बातें क्यों करती हो?
कितनी हसरत है आँखों में
बारिश में अब भी जलती हो
भाड़ में जाए दुनिया सारी
जान-ए-जाँ बस तुम मेरी हो
सब तलछट के हैं बाशिंदे
कौन कहे अच्छी लड़की हो
शोलों से बिल्कुल नहीं डरती ?
सूरज का पीछा करती हो
ख़ल्वत में हमको लगता है
मेरे ग़म की दवा रक्खी हो
दानिस्ता ही उसने पूछा
आख़िर मेरी क्या लगती हो?
Neha Ojha
Picture credit - Ghibli Art 😜
कितनी ही लाशें उठ गईं कितने लहू बहे
हर एक घर अबाद हो हर घर दिया जले
कोई भी मुल्क आप में इतना सशक्त हो
सरहद पे सैनिकों की ज़रूरत नहीं पड़े
फूलों से इस क़दर रहे दुश्मन का राब्ता
आसार जंग के हो तो हथियार ना मिले
वो लोग थे गुज़रते हुए वक़्त की तरह
वो लोग खो गए जो दुबारा नहीं मिले
लग जाए जाने कब यहाँ गद्दारी की मुहर
ये मत कहो पड़ोसी तो अपना भी खुश रहे
वो मेरा हमसफ़र था कोई वहम तो नहीं
आख़िर भुलाएँ कैसे हक़ीक़त में जो जिए
हारे हुओं को उसकी ही बस्ती में ले चलो
जो देख ले उसे वो दोबारा से जी उठे
हम सोचते ही रह गए फ़ुरसत मिले कभी
हाए वो लोग उठके जो दुनिया से चल दिए
मैं चाहती हूँ वो मेरी मुश्किल का हो सबब
मैं चाहती हूँ मुझको मुहब्बत बुरी लगे
Neha Ojha
समंदर भी न जाने ख़ुद को क्या से क्या समझता है
सभी जलते हुए चेहरों को जो प्यासा समझता है
सही है फैसला अपना जुदा होने का उजलत में
हक़ीक़त में मोहब्बत को तो बस दरिया समझता है
जिसे बासी समझ के सुब्ह को हम फेंक देते हैं
उसी रोटी की क़ीमत को कोई भूखा समझता है
अमा इस चार दिन की चाँदनी पर तो यक़ीं कर लें
मगर वो रूह तक आने का कुछ रस्ता समझता है?
वो जिसके वास्ते इस जिस्म में आँखें निकल आईं
वही लड़का हमारे इश्क़ को धोका समझता है
बुलंदी क्या बुलंदी है सिकंदर याद तो होगा
पलट जाता है कैसे वक़्त का पासा समझता है?
दिमाग़ी पुर्जे हिल जाते हैं जिन-जिन वारदातों पर
उसे लानत जो इन हमलों को बस हमला समझता है
ज़बाँ पर गालियाँ हों तो दिलों का तख़्त छोड़ो तुम
मुहब्बत से हुकूमत करने का जज़्बा समझता है?
किसी को लाख चाहो पर कभी ये भ्रम मत रखना
बराबर में जो बैठा है तुम्हे अपना समझता है
यहाँ कुर्सी की ख़ातिर सैकड़ों ही क़त्ल हैं जायज़
हमारा हुक्मराँ हमको फ़क़त प्यादा समझता है
नहीं इस पार मिल पाए तो फ़िर उस पार मिल लेंगे
जुदा रूहों की भी होती है इक दुनिया समझता है
हज़ारों अज़्किया इस ग़म में ही ख़ामोश हैं अब तक
ज़माना बे-कसों का कब कोई मसला समझता है
जफ़ा है बेवफ़ाई है कोई उसको ये समझाओ
जो उसकी दस्तरस में है उसे तन्हा समझता है
Neha Ojha
(अज़्किया- बुद्धिजीवी)
No comments:
Post a Comment