बेबसी अपनी कह नहीं पाते।
बिन तुम्हारे भी रह नहीं पाते।
दिल में रहते हैं दर्द के मानिंद,
मेरे आंसू, जो बह नहीं पाते।
कुछ तो कहना वो चाहते हैं मगर,
जाने क्यूं हमसे कह नहीं पाते।
अब तो ख़्वाबों में ही चले आओ,
फ़ासला हम ये सह नहीं पाते।
डाॅ फ़ौज़िया नसीम शाद
*ग़ज़ल*
किस क़दर हैं ये बा-हुनर आंखें
भांप लेती हैं हर नज़र आंखें
दिल पे सीधा असर ये करती हैं
कितनी होती हैं पुर असर आंखें
दूर का हो कि पास का हो सफ़र
आदमी की हैं हम सफ़र आंखें
राहबर की तरह से राही की
हैं हर इक रह में राहबर आंखें
जिस जगह कोई जा नहीं सकता
वां पहुंचती हैं बे-ख़तर आंखें
एक शायर का उम्दा मिसरा है
''दिल है मंज़िल तो रेहगुज़र आंखें''
'शाद' मुझसे न दूर हों वो कभी
उनपे रखती हैं ये नज़र आंखें
डॉ०फ़ौज़िया नसीम 'शाद'
*ग़ज़ल*
आईना हम जो देख कर महके
उनकी यादों में ख़ूब तर महके
शाम से लेके ता सहर महके
हम जो ख़्वाबों में दर-बदर महके
उनके आने की एक आहट से
बामो-दर महके घर का घर महके
अब तो आ जाओ रूबरू मेरे
मेरी तरसी हुई नज़र महके
मेरे लफ़्ज़ों में ऐसी हो तसीर
मेरा किरदार और हुनर महके
मुझको शौक़े-सुख़न जो है यारब
मेरी उम्मीद का शजर महके
मैंने जब उनको ख़्वाब में देखा
"ज़हन-ओ-दिल मेरे रात भर महके"
"शाद" तन्हा सही मगर फिर भी
उनकी यादों से ये सफ़र महके
डॉ०फ़ौज़िया नसीम "शाद"
No comments:
Post a Comment