मैं मुसाफ़िर हूँ मुझे पथ की नहीं बाधा बताओ
बेवजह मत राह रोको ,चल सको तो साथ आओ
जिस महल में हर तरफ है
रूप - यौवन - मान- माया
और जिसने भोग- लिप्सा
को सदा बढकर बताया
उस महल में एक पल भी
साँस लेना तब कठिन है
जब समझ में आ चुका हो
जिंदगी बस चार दिन है
अब पिता की वेदना का सार मत मुझको सुनाओ
मैं मुसाफ़िर हूँ मुझे पथ की नहीं बाधा बताओ
जीव का आधार क्या है,
ये मुझे पहचानना है
स्वयं से जो तथ्य निकले
बस उसे ही मानना है
एक दिन मुझको मेरे
हर प्रश्न का उत्तर मिलेगा
मूढता का लोप होगा,
सत्य का सूरज खिलेगा
चल पड़ा हूँ शोध- पथ पर मत मुझे वापस बुलाओ
मैं मुसाफ़िर हूँ मुझे पथ की नहीं बाधा बताओ
वृद्ध होता है बदन
इस सत्य से अनजान था मैं
मृत्यु से भी था अपरिचित,
इस क़दर नादान था मैं
बोलिए , राजा बना तो
न्याय क्या मैं कर सकूंगा?
इसलिए यह तय किया है
राजपथ ही छोड़ दूंगा
अब मुकुट को साथ लेकर मित्र,चन्ना ! लौट जाओ
मैं मुसाफ़िर हूँ ,मुझे पथ की नहीं बाधा बताओ
- विनोद 'निर्भय'
No comments:
Post a Comment