प्रतिनिधि ग़ज़लें: अशोक रावत
----------------------------
संक्षिप्त टिप्पणी: डॉ सुषमा सिंह
अशोक रावत जी मेरे बहुत पसंदीदा ग़ज़लकार हैं। उनके प्रत्येक शेर में श्लोकों जैसी गहराई और मंन्त्रों जैसी सारगर्भिता होती है। भाषा भावों को साथ लेकर पानी जैसी बहती है और चेतना तक को सराबोर कर देती है। सरलता के साथ पैनेपन का मणिकांचन संयोग है। जीवन और जगत के हर क्षेत्र में आपकी गहरी पैठ है। आपके वे ख़्वाब जो आपको चैन से रहने नहीं देते,वस्तुतः दुनिया के चैन की तलाश में हैं। आँधी को भी बेचैन करने वाली लौ आपके हृदय में जलती है, यह दिया अक्सर आपकी ग़ज़लों में आँधियों को चुनौती देता हुआ दिखाई देता है। कोई पत्थर नहीं हैं हम, आपने सही कहा,कोई पत्थरदिल आदमी न आपकी तरह सोच सकता है, न इस तरह कह सकता है। कस्तूरी जैसे महकते रिश्तों में आपकी बहुत निष्ठा है। ज़माने के दर्द को गुनगुना कर आपने ग़ज़ल बना दिया है! आपके लिए जितना कहा जाए, कमतर ही ठहर…
मुश्किलों में हारना मत’ और यही आपकी हिम्मत बन जाती है। जब -जब आँधियाँ दिए बुझाती हैं, आप आगे बढ़कर फिर से उन्हें जला देते हैं। आप सदा अपने फैसलों पर अटल रहे हैं और इसलिए सफल रहे हैं, कहा ज़रूर है आपने कि-
अपनी मर्ज़ी से जिनको जी पाऊँ,
ऐसे अब चार पल नहीं होते। 67
लेकिन जिये हैं आप सदा अपनी मर्ज़ी से, अपनी शर्तों पर, तभी तो यह हुआ कि -
हम किसी की ओट में नहीं थे, पर हमें,
आँधियों के सिलसिले बुझा नहीं सके। 68
आँधियाँ आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं, क्योंकि एक आँधी तो आप के भीतर भी रहती है। आप कहते हैं -
तंग हूँ इसकी नुक्ताचीनी से मैं बहुत,
कौन है यह, जो मेरे भीतर रहता है। 71
असल में आपको ग़लत लोग, ग़लत बातें बर्दाश्त नहीं होतीं। आपने अपना फ़र्ज़ निभाने को ही जीवन का उद्देश्य जाना, माना और समझा, इसलिए -
मुश्किलों से गुज़रते गए,
ख़ुदबख़ुद हम सँवरते गए। 72
आपका दृढ़ विश्वास है कि -
मैं फूलों का वंशज हूँ, तो ये तय है,
मेरी ख़ुशबू ही देगी पहचान मुझे। 74
आप जानते हैं कि-
इज़्ज़त से जीना क्या इतना आसाँ है,
सहने ही होंगे कुछ तो व्यावधान मुझे। 74
आप सदा ज़मीन से जुड़कर रहना पसंद करते हैं। किसी तरह की डींग नहीं हाँकते, यद्यपि बुलंदियों तक पहुँचे हैं। आपका मानना है -
ज़मीं पर पाँव होंगे तो बुलंदी पर भी पहुंचेंगे,
ज़मीं को छोड़कर अपनी उड़ा हम भी नहीं करते। 77
लेकिन ऐसा नहीं कि आपने सपने नहीं देखे या देखने नहीं चाहे। यह चाहत भी व्यक्त हुई है-
हमें भी ख़ूबसूरत ख़्वाब आँखों में सजाने दो,
हमें भी गुनगुनाने दो, हमें भी मुस्कुराने दो। 82।
है तो यह आपका ख़्वाब ,लेकिन आप को हक़ीक़त लगती है कि-
इस दुनिया में अच्छे लोगों का ही बहुमत है,
ऐसा अगर न होता, ये संसार नहीं होता। 87
जबकि यह भी आपका ही कहना है -
कुछ पता नहीं चलता क्या हुआ सवेरों का,
साम्राज्य फैला है दूर तक अंधेरों का। 94
अपने जैसे लोगों की फ़ितरत के बारे में भी आपने कहा है -
उनके लहज़े में जो तल्ख़ी है, वो शायद इसलिए है,
क्योंकि अच्छा सोचते हैं और सच्चा बोलते हैं। 95
आपने में तो सदा यही सोचा है -
मक़सद जितना ऊँचा होगा उतनी राह कठिन होगी,
डरना क्या है, चलते हैं ,जो होगा देखा जाएगा।
जिसको साथ हमारे आना होगा वो आ जाएगा,
तनहा भी होंगे तो हमको कौन यहाँ खा जाएगा। 98
आप इतने से ही संतुष्ट हैं कि -
हमारे पास दौलत है मोहब्बत की, शराफ़त की,
भले ही जेब में हम चार आने ले के बैठे हैं। 100
आप कहते हैं -
ख़ुश रहते हैं हम थोड़े में,
काम हमारा चल जाता है। 120
क्योंकि आप जानते हैं -
शरीफों को यहाँ दो वक़्त की रोटी नहीं मिलती,
लुटेरे हैं जो दौलत के ख़ज़ाने ले के बैठे हैं। 100
आपको अच्छी तरह मालूम है, पर आप कभी ऐसा कर नहीं सके, आप ने ऐसा करना चाहा ही नहीं, उचित ही नहीं समझा -
अगर हम शान में राजा की ग़ज़लें लिख रहे होते,
किसी ओहदे पे हमको भी सजाकर रख लिया होता।
हमें मालूम है उसके किसी मतलब के हम होते,
तो उसने हाथ कंधे पर घुमा कर रख लिया होता।101
आपकी इच्छाएँ ही नहीं, दुआएँ भी लोगों से मेल नहीं खातीं-
दुआ करता हूँ बस इतनी, क़दम बढ़ते चले जाएँ,
अंधेरा हो घना ,कुछ भी न जब आगे सुझाई दे। 111
आपका विश्वास है कि -
कोई तूफ़ान उनकी राह में आड़े नहीं आता,
जो अपने बाज़ूओं के दम पे सागर पार करते हैं। 112
आपकी फ़ितरत यह है कि -
हमको जो करना होता है, आगे आकर करते हैं,
जान भले ही जाए ,लेकिन छुप कर वार नहीं करते। 113
वार तो छुपकर नहीं करते, लेकिन संवेदनशील इतने हैं कि अपने आँसू छुपा लेते हैं ।कहते हैं –
लबों पर हँसी को सजाना भी होगा,
हमें अश्क अपने छुपाने भी होंगे। 116
यह इसलिए कि कोई हमारे दुख से दुखी न हो ।जबकि -
हल्की- हल्की बातें करके कुछ बेगैरत लोग,
भारी -भारी सा मन का मौसम कर देते हैं। 117
और इस भारी मन को हल्का करने के लिए आप कापी-पैन का सहारा लेते हैं -
मैं दुनिया की नज़रों में शायर हो जाता हूँ,
मेरे मन की पीड़ा जब ग़ज़लों में ढलती है। 81
यह अनुभव भी सामने आया -
जिन्हें हमने सिखाया था ,फ़ऊलुन,फ़ाइलुन,फ़ैलुन ,
वो अपने सामने हम को ही अब शायर नहीं गिनते। 27
आपको प्रसन्नता है कि आपने गज़लों का रास्ता पकड़ा क्योंकि ,लिखा तो और भी बहुत कुछ -
मुहब्बत है ये गजलों की, हमें अपना लिया वरना,
भटकते ही गुज़रती उम्र इस लिखने -लिखाने में। 57
गजलों ने तो इस क़दर अपनाया कि आप गजलों के एक बादशाह बन गये। फ़ेसबुक पर आपने ‘गज़लों की दुनिया’आबाद कर दी है, जिसके 60,000 से अधिक बाशिंदे हैं। आपका यह कहना भी एक दिन सच हो जाएगा -
आज जो गजलों के पौधे हमने रोपे हैं यहाँ,
दूर तक महकेंगे, एक दिन सब हरे हो जाएंगे। 40
आप का सृजन दीर्घजीवी होगा, इतिहास में शामिल होगा और यह ज़रूर होगा -
मेरे शेर तो रहेंगे साथ आपके,
मान लीजिए मैं कल अगर नहीं रहा। 69
मैं केवल आपके एक शेर से सहमत नहीं हूँ -
सहने ही थे हम को अपनी गजलों के ताने,
ग़ज़लों का क़द ऊँचा था,मशहूर नहीं थे हम। 79
आप मशहूर हैं, बहुत मशहूर हैं! गज़लों की दुनिया में आपका क़द बहुत ऊँचा है और याद रखिए कि यह भी आपने कहा है -
अगर तुम मार भी डालोगे तो ज़िंदा रहेंगे हम,
सिपाही हैं क़लम के,,हम पराजित हो नहीं सकते। 41
आपके इस भव्य व्यक्तित्व और समृद्ध कृतित्व को मेरे प्रणाम ! आशा ही नहीं ,पूर्ण विश्वास है, कोई आँधी इस दीप को बुझा नहीं सकती, इसका उजाला युगों तक पाठकों को राह दिखाता रहेगा, यह दीप सदा जगमगाता रहेगा। आमीन !
डॉ.सुषमा सिंह
चलभाष-9358195345
पूर्व हिन्दी विभागाध्यक्ष एवं प्राचार्य
आर.बी.एस.कॉलेज,आगरा।
अशोक रावत
ग़ज़ल
नहीं मिलना, नहीं मिलते, अदावत तो नहीं करते,
जो कहना,साफ कहते हैं,सियासत तो नहीं करते।
नफ़ा नुकसान अपना देख कर रिश्ते बनाएँ क्या,
ग़ज़ल कहते हैं हम कोई तिजारत तो नहीं करते।
किधर मानें, अँधेरों या उजालों की तरफ तुमको,
कभी खुल कर उजालों की हिमायत तो नहीं करते।
शराफ़त की हमीं से सिर्फ़ क्यों उम्मीद करते हो,
ज़माने वाले भी कोई रियायत तो नहीं करते।
उदासी का ये आलम और चेहरे की ये बेचैनी,
अरे नादां किसी से तुम मुहब्बत तो नहीं करते।
जियादा तेज़ चलती है हवा तो बुझ भी जाते हैं,
दिये लेकिन हवाओं की शिकायत तो नहीं करते।
अशोक रावत
ग़ज़ल
धुआँ है घुटन है, अजब सी हवा है,
कोई तो बताए उधर क्या हुआ है।
सड़क पर किसी को कुचल दे कोई भी,
न अब जुर्म कोई न कोई सज़ा है।
उठा ले गए कल पुलिस वाले घर से,
ख़ता बस यही है वो सच लिख रहा है।
सितम क्या ये पहली दफा हो रहे हैं,
मगर फ़र्क ये है, तरीका नया है।
बसूलेंगे हम से वो जीने की क़ीमत,
मुकद्दर में सब के यही तो लिखा है।
तरक़्क़ी ने मानक सभी तोड़ डाले,
न तुमको पता है न हमको पता है।
अँधेरों की मुझको नहीं फ़िक्र कोई
मेरे सोच में इक दिया जल रहा है।
अशोक रावत
ग़ज़ल
दुख तो ये है, दिल में जब डर बैठ जाते हैं,
जिनको लड़ना चाहिए घर बैठ जाते हैं।
मुंह उतर जाते हैं बस्ती के खुदाओं के,
हम अगर आ के बराबर बैठ जाते हैं।
देवता खुद को समझने लगते हैं अक्सर,
इक दफा जो कुर्सियों पर बैठ जाते हैं।
मुझको ऐसे शख्स रत्ती भर नहीं भाते,
ज़ख़्म जो अपने सजा कर बैठ जाते हैं।
नाम लेते ही नहीं बाहर निकलने का,
ग़म जहां इक बार भीतर बैठ जाते हैं।
ज़ुल्म की हर एक सीमा टूट जाती है,
कुर्सियों पर जब सितमगर बैठ जाते हैं।
अशोक रावत
ग़ज़ल
उन्हीं पर किस लिए फिर फिर भरोसा कर रहे हैं,
हमारे साथ जो मुद्दत से धोखा कर रहे हैं।
अगर ख़मोश रहिएगा तो मर ही जाइयेगा,
कभी तो पूछिए खुद से,कि हम क्या कर रहे हैं।
हमारी जान तो जानी ही जानी है किसी दिन,
अगर हम क़ातिलों के साथ सौदा कर रहे हैं।
तमाशा ख़त्म हो ये, जब हमारे फ़ैसले ही,
हमारी ज़िन्दगी का स्वाद कड़ुवा कर रहे हैं।
उन्हें तो ईंट पत्थर मार के तुम मत गिराओ,
जोअपने दम पे उड़ने का इरादा कर रहे हैं।
ग़ज़ल तो इक बहाना भर है वरना आपसे हम,
जो दिल में दर्द है, बस उसको साझा कर रहे हैं।
कहाँ ले जाके छोड़ेंगे तुम्हें मालूम है कुछ,
तुम्हारे सोच पर जो शख़्स क़ब्ज़ा कर रहे हैं।
टोटल प्राइवेटाजेशन नागरिकों को गुलाम बनाने की नीति है
---------‐---------------
ब्यूटी पार्लर में की गई चेहरे की चमक-दमक दो घंटे में उतर जाती है। शहर की मुख्य सड़को के किनारे की दीवारों को पोत के और उन पर उल्टे सीधे चित्र बनाने से स्मार्टसिटी नहीं बनता। हमारे यहां विकास का मतलब इस चमक-दमक को ही बना दिया गया है। देश कोई दुल्हन नहीं है कि उसे ब्यूटी पार्लर में सजाया जाए। नगर और देश की सुंदरता वहां के आम नागरिकों के उच्च जीवन स्तर से तय होती है, दीवारें पोतने से नहीं। मीडिया जीडीपी का हल्ला मचा रहा है, विश्व की चौथी बड़ी अर्थ व्यवस्था बन गए लेकिन पर कैपिटा इन्कम में हम सबसे निचले स्तर फर हैं उसकी कोई बात ही नहीं करेगा। परकैपिटा इन्कम बढ़ने से विकास का पता चलता है जीडीपी से नहीं। साथ ही खुद ही दुनिया में इस बात का ढिंढोरा भी पीटते हैं कि 80 करोड़ जनता को 5 किलो राशन मुफ्त दिया जा रहा है और अपने विश्व गुरू होने का दावा भी खुद ही करते हैं। गुरू अपनी बड़ाई खुद नहीं करता, उसके चेले करते हैं, कितने चेले हैं? दुनिया को बेवकूफ समझते हैं कि इनकी बातों पर वह यकीन करेगी। आप सभी सुरक्षा उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर हैं लेकिन 56 इंच के सीने की धौंस देते हैं और घर में घुसकर मारने की डींग मारते हैं। खोखले नारों और भाषणों से देश आगे नहीं बढ़ता। देश के नागरिकों को बहुत अक्लमंद भी मत मानिए पर इतने बेवकूफ भी नहीं हैं। इन्हीं नागरिकों ने 2024 के चुनाव में 400 पार के दावे की हवा निकाल दी और 240 पर ले आए। देश के संसाधनों को प्राइवेट हाथों में सौंपने से देश का विकास नहीं केवल पूंजीपतियों का विकास होगा। आज 80 करोड़ हैं कल 90 करोड़ लोगों के हाथ में कटोरा होगा। टोटल प्राइवेटाजेशन नागरिकों को गुलाम बनाने की नीति है।
अशोक रावत
ग़ज़ल
कुर्सियाँ मिलीं जिन्हें कुलीन हो गए,
नोट छापने की इक मशीन हो गए।
सभ्य हम हुए तो जैसे रूह मर गई,
फूल जब खिले तो गंधहीन हो गए।
सच कहा गया मगर सुना नहीं गया,
झूठ गढ़ने वाले नामचीन हो गए।
बस्तियों का हाल भी तो देखिये कभी,
माल, हाइवे तो बेहतरीन हो गए।
इस चमक-दमक में मेरा देश बिक गया,
दृश्य तो हरे भरे हसीन हो गए।
सारहीन हो गए हैं भाव और कथ्य,
पुस्तकों के पाठ तो नवीन हो गए।
संविधान भी वही है तंत्र भी वही,
मानवीय स्वर कहाँ विलीन हो गए।
No comments:
Post a Comment