नमस्कार दोस्तो!
ग़ज़ल
वो बिता दी है घर बार में उम्र थी आशिक़ी के लिए
नाम लिख दी किसी और के ज़िंदगी थी किसी के लिए
किस तरह अब मिलें मंज़िलें आज के मतलबी दौर में
आज बन के है पत्थर खड़ा आदमी आदमी के लिए
ग़फ़लतों में बिता दी यूँ ही जो अमानत रही मौत की
याद उसको किया ही नहीं ज़िंदगी थी उसी के लिए
इक अँधेरों भरी कोठरी में कटी उम्र उस शख़्स की
उम्र भर जो बनाता रहा हर दिया रोशनी के लिए
बख़्श दे बख़्श दे बख़्श दे तू शिफ़ा मुझको मेरे तबीब
है जहां में बड़ा नामचीं तू तो चारागरी के लिए
अब न आएंगे हम लौटकर तेरी दुनिया में वादा रहा
वक़्त ए रुख़्सत पे आजा सनम रस्म इक आख़िरी के लिए
ज़ख्म ही ज़ख्म देते रहे वक़्त बेवक़्त वो ही मुझे
मैं कमाता रहा रात दिन यूँ ही जिनकी ख़ुशी के लिए
इश्क़ है गर तो तू एक दिन जान ही जाएगा ख़ुद ब ख़ुद
ज़ीस्त है बे-रुख़ी बेकली बेबसी बेहिसी के लिए
#सत्यवान सत्य
नमस्कार दोस्तो!
लीजिए मुकम्मल ग़ज़ल🙏
ग़ज़ल
मुझको मेरा ग़ुरूर ले बैठा
मेरी दुनिया से दूर ले बैठा
सारी दुनिया को तुम तो हासिल थे
कौन तुमको हुज़ूर ले बैठा
मुझको मारा मेरी मुहब्बत ने
उसको उसका फ़ितूर ले बैठा
एक लड़के को कल मुहल्ले में
इश्क़ का ही सुरूर ले बैठा
सैकड़ों दाद एक महफ़िल में
आज इक बे शऊर ले बैठा
जुर्म यूँ तो किया था मालिक ने
सर पे लेकिन मज़ूर ले बैठा
अब पता ही नहीं मुहब्बत में
किसको किसका क़ुसूर ले बैठा
#सत्यवान सत्य
नमस्कार दोस्तो!
ग़ज़ल
रोशन सी मेरी ज़ीस्त को अँधियार में मिला
इक शख़्स मुझको और ही किरदार में मिला
करता था बात जो सदा रूहानी इश्क़ की
वो शख़्स मुझको जिस्म के बाज़ार में मिला
कुछ भी नहीं था पास में नेकी के नाम पर
बेहद गरीब आदमी ज़रदार में मिला
अब हो गया है ख़ाक बदन मेरा इश्क़ में
ये ख़ाक मेरी तू किसी शहकार में मिला
कैसे वफ़ा के नाम पे बस बेवफ़ाई हो
ये तज़रिबा भी यार तेरे प्यार में मिला
रखनी पड़ी जबीं उसे हाकिम के पाँव पर
तब ओहदा उसे कोई दरबार में मिला
मैंने तराशा था जिसे अपने ही वास्ते
गौहर वो इक रक़ीब की दस्तार में मिला
#सत्यवान सत्य
नमस्कार दोस्तो!
ग़ज़ल
मेरे महबूब या तो अपना बना ले मुझको
वरना तू कर दे ज़माने के हवाले मुझको
तीरगी साथ मेरे शब ओ सहर रहती है
मार डालें न किसी रोज उजाले मुझको
ठोकरें खा रहा हूँ रोज़ ही मैं दर दर की
वक़्त पर अब नहीं मिलते हैं निवाले मुझको
होश मुझको नहीं है हाथ पकड़ ले साकी
इससे पहले कि कोई और सँभाले मुझको
रात दिन उम्र इबादत में जहाँ गुज़री है
कोई उस दर से न ज़िल्लत से निकाले मुझको
उम्र भर चलना है मंज़िल के लिए सिर्फ़ मुझे
दर्द कितना ही दें अब पाँव के छाले मुझको
#सत्यवान स
नमस्कार दोस्तो!
ग़ज़ल
दूर नज़रों से वो चेहरा हो गया
ज़ख्म गहरा और गहरा हो गया
दो निवाले तब हकूमत ने दिए
भूख से जब तन इकहरा हो गया
सूखकर मैं रंजो ग़म की धूप में
देख लो अब तो छरहरा हो गया
हुस्न ने जब दी सज़ा तो याद सब
इश्क़ का मुझको ककहरा हो गया
सुनती है दिल्ली भी ऊँचा आजकल
लग रहा है शाह बहरा हो गया
अब हरिक भँवरा फिरे आज़ाद है
पर गुलों पर आज पहरा हो गया
दिल में अहसासात सारे मर गए
और मैं वीरान सहरा हो गया
#सत्यवान 'सत्य'
No comments:
Post a Comment