पहलगाँव-कांड
सजल
पहलगाम की भू पर कैसा, हाहाकार मचाया है।
धर्म पूछकर जल्लादों ने, उनका लहू बहाया है ।।
मेंहदी सजी हुई हाथों पर, बिल्कुल दया नहीं आई।
नव-विहाहिता जोड़ी का, दुष्टों ने रक्त बहाया है।।
मूल्य चुकाना होगा तुमको, इस इन काली करतूतों का
तड़पा-तड़पाकर मारेंगे, तुमने जो तड़पाया है!!
बदला लेने को आतुर है, पूरा भारत गुस्से में।।
दुनिया भर में दुष्ट पाक ने, यह आतंक मचाया है।।
हो जाओ तैयार सैनिको, धूल चटा दो दुश्मन को!
नहीं बचेगा दानव इसने, अपना काल बुलाया है।।
मानवता के रखवाले हम, इन्हें उखाड़ेंगे जड़ से!
भारत ने आगे बढ़कर अब, बीड़ा स्वयं उठाया है।।
सोता साँप छेड़ बैठे अब, काँप रहे डर से थर-थर।
होगा अंत नहीं बचने के, काल शीश मँडराया है।।
लक्ष्मी सिंह 'रूबी'
सजल
**********
साॅंसों में सुगंध सरसाई।
जब-जब याद तुम्हारी आई।।
जीवन में उजियारा छाया।
दिल में पुनः चाॅंदनी छाई।।
तुम आते तब सावन आता।
तुम बिन बरखा भी न सुहाई।।
मिलन हुआ करता सपनों में।
जब- जब बहती है पुरवाई।।
आकर हाथ थाम लो मेरा।
तेरी छवि है दिल को भाई।।
लक्ष्मी सिंह 'रूबी'
मीठी यादें ❤️
प्रीत का रंग लगाने कान्हा आजा तू बरसाने...
प्रीत का रंग लगाने ,कान्हा आजा तू बरसाने,
कि और ना देर लगाना रे,कि सखियां मारे ताना रे....
कहती है सखियां तुम हो,बड़ा हरजाई
तुम क्या समझोगे, पीर पराई,
इनकी बातों को झूठला के ,मुझको अंग लगा के,कि आके मुझे रिझाना रे,
कि सखियां........
सखियों के साथ में ना, करना ठिठोली,
मेरे ही संग में केवल, खेलना तुम होली,
और नहीं कुछ कहना,बस मेरा बनके रहना,
कि इनसे नजर बचाना रे,
कि सखियां...........
रंग अबीर झोली, कनक पिचकारी,
लेकर आना कान्हा, मुस्कान प्यारी,
करके कोई बहाने,तुम आना बंसी बजाने,
कि आके रास रचाना रे,
कि सखियां..
लक्ष्मी सिंह 'रूबी'
सजल
करो सदा सत्संग, लाभकारी होगा।
भरो भक्ति में रंग, लाभकारी होगा।।
भेद-भाव को छोड़, गिरा दे दीवारें।
बहे प्रेम की गंग, लाभकारी होगा।
करें नहीं छल-छद्म, भाव निर्मल पालो ।
वरें सुरम्य उमंग,लाभकारी होगा।।
प्रेम और सौहार्द, भरा मन रहे सदा।
धो लें मैले अंग, लाभकारी होगा।।
रखें सभी सद्भाव एक हो जीवन-पथ।
बदले जीवन-ढंग, लाभकारी होगा।।
मिटे मोह, अज्ञान, हृदय का द्वार खुले।
कटे न ज्ञान-पतंग, लाभकारी होगा।।
नित हों अच्छे कर्म, जगत का मंगल हो।
नैतिकता-अनुषंग, लाभकारी होगा।।
लक्ष्मी सिंह 'रूबी'
चुपके से कोई कहता है........
चुपके से कोई कहता है दिल में तू ही रहता है ।
कौन है वो अनजाना जो,सांसों के संग बहता है।।
आँखें बोलती हैं उसकी ,और ज़्बा पे खामोशी ।
होंठों पे मुस्कान लिए, दर्दे इश्क भी सहता है ।।
उसकी याद चली आई,चलने लगी है पुरवाई ।
बिखरे बिखरे शब्दों सा, मेरा काजल बहता है।।
किस से कहूं मैं हाले दिल,चुप रहना भी है मुश्किल ।
रूबी मेरा मन अकसर,तन्हा दुख ख़ुद सहता है ।।
सजल
122 122 122 122
लगे घाव ऐसे कि तन-मन छिले हैं।
नहीं कह सकूँ होंठ मेरे सिले हैं।।
खिले पल खुशी के अनायास ही कुछ।
निरंतर हमें कष्ट केवल मिले हैं।।
भरे पेट जिनके करें बात सुख की ।
कई भूख से आज पीड़ित जिले हैं।।
जहाँ स्वार्थ छूटा वहाँ प्रेम पनपा ।
तभी फूल देखो गुलाबी खिले हैं।।
यहाँ झूठ का बोल बाला सदा से ।
सभी स्वार्थ की आँधियों में हिले हैं।।
लक्ष्मी सिंह 'रूबी'
सजल
122 122 122 122
चलेंगे निरंतर नहीं अब रुकेंगे।
समय की शिला पर नया कुछ लिखेंगे।।
सभी गर्व जिस पर करें, हम करें वह।
बड़ा नाम हो यों, बड़ा कुछ करेंगे।।
बॅंटेंगे अगर तो कटेंगे सुनिश्चित।
लड़ें एक होकर विजय को वरेंगे।।
रखेंगे खुली सोच, संकीर्णता तज।
नहीं कूपमंडूक होकर जिएँगे।।
न अब दूर होंगे कभी एक पल को।
रहो तुम कहीं भी, हृदय में रहेंगे।।
लक्ष्मी सिंह 'रूबी'
सजल
122 122 122 122
चलेंगे निरंतर नहीं अब रुकेंगे।
समय की शिला पर नया कुछ लिखेंगे।।
सभी गर्व जिस पर करें, हम करें वह।
बड़ा नाम हो यों, बड़ा कुछ करेंगे।।
बॅंटेंगे अगर तो कटेंगे सुनिश्चित।
लड़ें एक होकर विजय को वरेंगे।।
रखेंगे खुली सोच, संकीर्णता तज।
नहीं कूपमंडूक होकर जिएँगे।।
न अब दूर होंगे कभी एक पल को।
रहो तुम कहीं भी, हृदय में रहेंगे।।
लक्ष्मी सिंह 'रूबी'
जय माॅं शारदे!!
तिनका-तिनका चुन हम नीड़ बनाएँगे।
हम-तुम साथ चले तो मंजिल पाएँगे।।
राह मिलेगी फूलों वाली तब,जब हम।
आशाओं के नूतन दीप जलाएँगे।।
सपनों में जी लिए बहुत अब तक मिलकर।
साथ-साथ भी जीकर हम दिखलाएँगे।।
खो दिया बहुत कुछ दूर-दूर रहकर हमने।
अब एक डोर में बँधकर प्रीति बढ़ाएँगे।
चुन-चुन खुशियों के फूल सजेगा घर अपना।
छूटे न कभी यह साथ गीत यह गाएँगे।।
✍🏻लक्ष्मी सिंह 'रूबी'
No comments:
Post a Comment