न ख़ैरियत न अलम, और न हाल पूछेंगे
अग़र मिले तो फ़क़त, इक सवाल पूछेंगे
ख़याल अपना बताएंगे, तेरे बारे में
औ' अपने बारे में, तेरा ख़याल पूछेंगे
नदी पहाड़ से पूछेगी, अपनी मंज़िल को
चमन से फूल, खरा इस्तेमाल पूछेंगे
सवाल जो न कभी पूछ पाए हैं, हम तुम
वो कल को आते हुए, नौनिहाल पूछेंगे
अभी तो ग़ैर का साया, तुम्हारे ऊपर है
तुम्हारा फ़ैसला हम अगले साल पूछेंगे
~ आँचल सक्सैना
भरा लगता है, लेकिन खल रहा है
ये ज़ख्म, अन्दर बराबर गल रहा है
जो वो पूछेगा, अबकी हाल मेरा
कहूंगी मैं, मज़े में चल रहा है
लगाया हाथ उसने, हाथ से बस
और इतने में, कलेजा जल रहा है
मुझे सपने भी आने लग गए हैं
कोई, आंखों में इतना पल रहा है
उसे बचपन से ही मैं जानती हूँ
वो बचपन से, ज़रा पागल रहा है
वो इक दिन, जबकि मिलने वाले हैं हम
वो दिन कब से, मुसलसल टल रहा है
मुझे कुछ यूं भी साए, छू न पाए
मेरे मंदिर में, गंगाजल रहा है
~ आँचल सक्सैना
तेरा ख़याल दिल से, अभी तक नहीं गया
तू जा चुका है, फिर भी तेरा हक़ नहीं गया
तुझपर ही हूँ फिदा मैं नसीहत के बाद भी
यानी दवा के बाद भी, दीमक नहीं गया
वो रास्ते, वो घाट, समंदर, वही शहर
दरिया रवानगी से, बहुत थक नहीं गया?
थोड़ा सा रोज़ रोज़ ही, जाने लगा था वो
कबका ही, जा चुका है, अचानक नहीं गया
उंगली सभी ने तान ली, मेरी तरफ मगर
मुजरिम पे क्यूं, किसी का कोई शक नहीं गया
~ आँचल सक्सैना
गुमसुम सियाह रात, कोई रात है भला
ना धूम, नाच, रंग, ये बारात है भला?
अच्छा चलो, कि भीग के, सर्दी नहीं लगी
कपड़े भी तर न हैं, तो ये बरसात है भला?
वो जीत जाए, इसके लिए हार मान ली
ये मात है, तो ये भी कोई मात है भला?
ख़ुद ही कहा, कि प्यार है, ख़ुद ही मना किया
तुम ही बताओ, ये भी कोई बात है भला?
मुझको बता रहे हैं वो, जीने के फ़लसफे
वो लोग, जिनकी खुद की ही औकात है भला?
~ आँचल सक्सैना
यही ग़लती रही, शायद हमारी
हमीं ने पार कर दी, हद हमारी
कहा उसने, कि आँचल, कल मिलेंगे
बढ़ी धड़कन तभी, बेहद हमारी
दिए लोबान से, फूलों से, दिल से
कभी वो भी करे, आमद हमारी
महक उसकी, छुअन उसकी कि जैसे
भरे मरहम कोई, जब ज़द हमारी
मुकर जाएगा वो, कल भी न आके
यही है शर्त, सौ फ़ीसद हमारी
~ आँचल सक्सैना
हमारे कोई खरीदार ही नहीं हैं अब
हमारे माल के, बाज़ार ही नहीं हैं अब
सभी कहीं न कहीं का, पता बताते हैं
शहर में शहर के दय्यार ही नहीं हैं अब
हमीं ने हम पे जताना शुरू किया है हक़
सुना है, कोई भी हक़दार ही नहीं हैं अब
बना लिए हैं पकौड़े, चढ़ा दी चाय भी लो
पर इक भी बूंद के, आसार ही नहीं हैं अब
बिना सिंगार ही, चेहरे पे नूर आजाए
कि इतने लाल तो, रुखसार ही नहीं हैं अब
बहुत ही देर से, तुम प्यार लेने आए हो
हम उस लिहाज़ के दिलदार ही नहीं हैं अब
~ आँचल सक्सैना
मेरी नासूर खरोचों से ज़ख़म निकलेगा
तुमने पूछे जो सवालात, तो ग़म निकलेगा
तुमको जाना है तो, चुपचाप चले जाओ तुम
अलविदा, चलते हैं, इस सब से तो दम निकलेगा
हिज्र का एक भी पल साल नुमा लगता है
इश्क़ का साल गुज़र जाए, तो कम निकलेगा
हौसला मिलने से तो, बात बिगड़ जाएगी
चोट लगने से ही, ज़ालिम का भरम निकलेगा
मेरी हर सांस वफाओं की सदा गाएगी
जान भी जाएगी, तो ख़ून गरम निकलेगा
वक्त के साथ ही भूलेगी, तेरी सूरत अब
सांस के साथ ही दिल से, तू सनम निकलेगा
~ आँचल सक्सैना
ये बंदोबस्त, ये सब इंतज़ाम, देख चुकी
उसे कहो, कि ये मैं सारा काम देख चुकी!
है इंतज़ार मुझे, उस ही दिन से महफ़िल का
शुमार लोगों में, जब उसका नाम देख चुकी!
रबाब गूंजते हैं, अब भी मेरे कानों में
मैं इतनी तेज़ कहीं, धूमधाम देख चुकी
उसी को ढूंढ रही हूं, हरेक चेहरे में,
मैं उसकी खोज में, चेहरे तमाम देख चुकी
नहीं भरा है ये दिल, देख-देख के उसको
उसे, सुबह दुपहर सेरो-शाम देख चुकी
तू अपनी फ़िक्र, वफ़ा, देखभाल, प्यार दिखा
मैं सबके रंज, सितम, इंतक़ाम, देख चुकी
~ आँचल सक्सैना
चेहरे पे सुकूं, रूह में तूफान रहेगा
कुछ भी न रहा पास, तो ईमान रहेगा
ढलना है उसे सांझ में, उगना है सहर को
सूरज को ये, हर हाल में ही ध्यान रहेगा
खिड़की जो खुली हो, तो उजाला भी दिखेगा
बरसात का, बादल, का भी अनुमान रहेगा
हँस-हँस के जो मैने, यूं दिखाया है सभी को
हर कोइ, मेरे दर्द से अंजान रहेगा
ये तय है कि, दोनों में से इक चीज़ रहेगी
या तो तू रहा, या तेरा अरमान रहेगा
इतना तो उसे जान के, मैं जान गई हूँ
नादान ही है, शख़्स वो नादान रहेगा
कुछ भी जो नहीं था, तो बयाबान ही तो था
कुछ भी न रहेगा, तो बयाबान रहेगा
~ आँचल सक्सैना
No comments:
Post a Comment