@हाइलाइट
ग़ज़ल
*
प्यार करना गुनाह होता क्या ।
फिर बताओ सवाब है क्या क्या ।
*
मैं हूँ नादान कुछ नहीं समझूँ,
क्या ख़राबी है और अच्छा क्या ।
*
अपना माना तो क्यों ख़फ़ा हो तुम,
ग़ैर जैसा है हमसे रिश्ता क्या ।
*
दोस्ती एक दिन तो टूटेगी,
इस ज़माने में रहता पुख़्ता क्या ।
*
बात सच थी बुरी लगी उनको,
दिल को अच्छा ही उनके जँचता क्या ।
*
उसको करना है वो करे 'आहत',
दर्द कम हो या हो ज़ियादा क्या ।
*
© उमेश विश्वकर्मा 'आहत'
एक ग़ज़ल आप सभी चाहने वालों के सुपुर्द...
ग़ज़ल
*
आस्माँ ये दिवाना सा लगने लगा ।
दिल ज़मीं का भी अब तो धड़कने लगा ।
*
प्यास है, चाह है, फिर से तज्दीद की,
ख़्वाब फिर ज़िन्दगी का मचलने लगा ।
*
जाने कैसी ये ख़ुशबू है बरसात में,
जिसमें आँचल ज़मीं का महकने लगा ।
*
ख़ूबसूरत हसीं दिलकशी है बहुत,
ज़िश्त था जो कभी वो सँवरने लगा ।
*
ख़ुशख़बर है ये 'आहत' सभी के लिए,
काश्ता अब ज़मीं से उभरने लगा ।
*
तज्दीद= नयापन/ नवीनता
ज़िश्त= ख़राब
काश्ता= जोता-बोया हुआ/कृषित
*
© उमेश विश्वकर्मा 'आहत'
एक नज़्म*
आप सभी दोस्तों की नज़्र...
एक नज़्म*
*
कल शजर था, इस जगह पर
आज है मैदान क्यों ?
एक बस्ती थी यहाँ पर
कल परिन्दों की हसीं !
था यहाँ पर चहचहाना
ज़ीस्त का... उन्वान था ।
थे यहाँ मेले ख़ुशी के
डालियों के... गाह में
थे, यहाँ... मेरी नज़र में
कल किसी के आशियाँ ।
नींद थी, और जागना था
था सफ़र और लौटना ।
याद उसकी रह गयी है
वो नहीं है अब मगर,
धूप में तपता रहा जो
छाँव देने के लिए ।
आज लगता है कि जैसे
था वो साया बाप का !
*
© उमेश विश्वकर्मा 'आहत'
एक ग़ज़ल
आप सभी दोस्तों की नज़्र...
*
उसका आना - जाना ऐसा लगता है ।
सुख दुख जैसा तौर तरीक़ा लगता है ।
*
खेल-तमाशा सबको अच्छा लगता है ।
वरना कब इंसान का मेला लगता है ।
*
इंसाँ तो सब ही हैं लेकिन जाने क्यों,
कोई अपना कोई पराया लगता है ।
*
फ़ितरत है जिसकी बातों में उलझाना,
उसका हर इक वादा झूठा लगता है ।
*
क़त्ल जहाँ होते हैं रिश्ते अपने से,
बँटवारा भी बूचड़खाना लगता है ।
*
दुनिया की नज़रों से खुद को देखा तो,
मेरा चेहरा... दुनिया जैसा लगता है ।
*
फूलों का गुलदस्ता देखा जब 'आहत',
कोई सह्रा में भटका सा लगता है ।
*
© उमेश विश्वकर्मा 'आहत'
No comments:
Post a Comment