Friday, June 27, 2025

Nibha Rajeev Nirvi

खो प्रणय को भग्न अंतर, 
       जोड़ खंडों को रही थी,
             वह विदा जब हो रही थी।

ऋण पिता का श्वास पर था, शीश‌ नत उसको उठाया,
मान अरु सम्मान उनका, छोर  आंचल  के  बँधाया,
जन्म दे निज रक्त सींचा, मातु ऋण यह हिय लिए थी,
ताग ले कर्तव्य के वह,  मौन अधरों  को  सिए  थी,

उबटनों के लेप के संँग, 
     प्रीत हिय से धो रही थी,
          वह विदा जब हो रही थी।

दृगजलों  का  अर्ध्य  देकर, पूजती  विरही  निशाएंँ,
आज बैरन हो चली थी, थल, गगन अरु दश-दिशाएंँ, 
प्रेम के  बहते  लहू  में,  लाल  चूनर  ज्यों  पगी  थी,
छल गई थी भाग्य रेखा, वह विवश व्याकुल ठगी थी,

दिव-निशा शय्या शरों की, 
      नोंक पर वह सो रही थी,
             वह विदा जब हो रही थी।

पत्र, मुंँदरी अरु कलावा, चित्र करगत कर दिए थे,
सब प्रणय अनुबंध टूटें, यत्न प्रस्तर हृद किए थे,
स्वप्न के खद्योत सारे, बुझ गए  निस्तेज  होकर,
स्पंदनों  के  राग  रोते, वेदना  की  सेज  सोकर,

बोझ लगती वह पवन भी,
        श्वास में जो ढो रही थी,
              वह विदा जब हो रही थी।

वेदना किसने सुनी जो, दृष्टि उस दिन कह रही थी,
वज्र के ही घात सम था, प्रेयसी जो सह रही थी,
इस कथा का अंत ऐसा, भान उसको भी नहीं था,
चढ़ गई डोली मगर हृद, प्रीत के पगतल कहीं था, 

भूमिगत कर वेदना को, 
     वह नवांकुर बो रही थी,
          वह विदा जब हो रही थी।

✍️ निभा राजीव "निर्वी" 🙏💐

आदरणीय Sameer Tiwari जी की रचना *तुम विदा जब हो रहे थे*  से प्रेरित मेरी एक छोटी सी रचना! उनकी अतुनीय लेखनी के समक्ष मेरा प्रयास तो नगण्य ही है ।
********************

#bestchallenge #viralpost2025 #aapan_baani #हिंदीसाहित्य #हिंदीहमारीशान #हिंदीकामहत्व #हिन्दीसाहित्य #हिंदी #हिन्दी #हिन्द #poemchallenge #poem #poemoftheday #poemaday #kavita #कविता #viralpost #viralchallenge #srijan #सृजन #सृजन_फिर_से

No comments:

Post a Comment

ANKITA SINGH

  कुछ भी पूछूँ तो तबस्सुम में उड़ा देता है,(तबस्सुम:हँसी) जाने किस जन्म की बातों की सज़ा देता है! मुस्कुराके वो जलाता है ख़यालों के चराग़ अन...