Friday, June 27, 2025

Manisha Shukal

मेरा कंठ मिले पीड़ा को, मुझको यह स्वीकार नहीं था
पर पीड़ा को कंठ न देना, इस पर कुछ अधिकार नहीं था

जैसा भोगा, वैसा गाया, इसमें कुछ अपराध न पाया
मैंने हर टूटे तारे को लाकर मन्नत से मिलवाया
अनबाँची पुरवाई का दुःख, मेरा वैभव, मेरी थाती
धरती की प्यासी छाती पर मैं बादल की गीली पाती

आँसू,पीड़ा, सपने,अँखियाँ, प्रेम-विरह औ बैरन सुधियाँ
सबकुछ मेरी ही ख़ातिर था, केवल यह संसार नहीं था

मैंने कुछ भी हेय न समझा, भाग्य मिला जो शीश चढ़ाया
अधरों का सत्कार किया तो आंसू का भी मान बढ़ाया
दीपक की काया ढोने को अँधियारे का रूप लिया है
तुलसी का हर शाप उठाया, जीवन शालिग्राम किया है

शापित वरदानों को पूजा, खंडित भगवानों को पूजा
इतने पर भी इस दुनिया पर मेरा कुछ उपकार नहीं था

दुःख वाली सारी रेखाएं जिनके हाथों में आई थी
मैंने बस उनकी ही ख़ातिर जीवन की साखी गाई थी
खिलने को तैयार नहीं थी नागफनी भी जिनके आँगन
बस उनकी ही ख़ातिर मैंने कर डाला पीड़ा को चंदन

मैंने ही केवल समझा है, सागर में कितनी तृष्णा है
मेरे हिस्से में सबकुछ था, सिर्फ किसी का प्यार नहीं था

©मनीषा शुक्ला

कंठ में पीड़ा सजा के, वेदना को स्वर बना के
जो लिखेंगे, आज उसको, सत्य होना ही पड़ेगा

अक्षरों के हम नियंता, हम कलम के सारथी हैं
युद्ध का हम ही बिगुल हैं, मंदिरों की आरती हैं
हम धरा पर आज भी सत्यम-शिवम की अर्चना हैं
हम वही जुगनूं कि जिनको रजनियां स्वीकारती हैं 

हम सदा इतिहास के हर घाव को भरते रहे हैं
हम अगर रोएं, समय को साथ रोना ही पड़ेगा 

हम कथा रामायणों की, धर्म का आलोक हैं हम
जो सजी साकेत में उस उर्मिला का शोक हैं हम 
दिनकरों की उर्वशी के मौन का संवाद हैं हम
हम प्रलय कामायनी का, मेघदूती श्लोक हैं हम

बांचते ही हम रहे हैं पीर औरों की हमेशा
पुण्य के वंशज हमीं हैं, पाप धोना ही पड़ेगा

हैं हमीं, मीरा कि पत्थर के लिए जो बावली हो
हम वही तुलसी कि जिसके प्राण में रत्नावली हो
हम कबीरा की फ़कीरी, मस्तियां रसखान की हम
सूर के नैना, कि जिनसे झांकती शब्दावली हो

भाव के अंकुर हमीं से गीत के बिरवे बनेंगे
आखरों को पंक्तियों में आज बोना ही पड़ेगा

©मनीषा शुक्ला🌼
~@मनीषा शुक्ला 

#सृजन_फिर_से

No comments:

Post a Comment

ANKITA SINGH

  कुछ भी पूछूँ तो तबस्सुम में उड़ा देता है,(तबस्सुम:हँसी) जाने किस जन्म की बातों की सज़ा देता है! मुस्कुराके वो जलाता है ख़यालों के चराग़ अन...