मेरे दुपट्टे का एक छोर
हमेशा तुम्हारा रहेगा
जिसमें बेफिक्र होकर तुम
पोंछ सको अपने आँसू
हां तुमने ठीक सुना!!
मैं चाहती हूँ तुम दर्द को
इक्कठा करना छोड़ दो
तुम्हारे रोने से तुम्हारा पुरुषत्व कम नहीं होता
और न ही कम होता है तुम्हारे गंभीर होने का गुण
तुम भी मेरे जैसे ही हो
मैं भी तुम जैसी ही हूँ
जैसे मेरे दुखी होने पर
तुम्हारा सीना है मेरे आँसू सोखने के लिए
वैसे ही तुम भी रो सकते हो
मेरी छाती से लगकर
और मुक्त हो सकते हो
हर बोझ से
जिसने दबा रखा है तुम्हारे मन को
और उतार दिया है
खारा समंदर तुम्हारी आँखों में
उस समंदर को बनने दो बादल
और बरसने दो मुझ पर
मैं इन्हें समा लूंगी अपनी आत्मा में
और विश्वास के अंकुर बन कर उग जाऊंगी
तुम्हारे हृदय में जीवन भर के लिए
तुम किस डर में हो
क्या सता रहा है तुम्हें
क्यों नहीं कहते हो अपनी पीड़ा मुझसे
तुम्हारे पुरुष होने के मापदंड
दुनिया के लिए है
मेरे पास तुम उस शिशु की तरह हो
जो बेफिक्र होकर कह देता है
अपनी सारी उलझने
जो बता देता है अपनी ज़िद और अपना हर दर्द
तुम्हारा हाथ थामकर सुनना है मुझे
उस तूफान का शोर
जो कबसे पाला है तुमने अपने भीतर
काम की थकन
जिम्मेदारियों का बोझ
और खुद को मजबूत दिखाने की कवायद
जानती हूँ
इनसे मुक्त न हो सकोगे तुम
पर मेरे पहलू में
तुम उतार दो कुछ पल के लिए ये मुखौटा
जानती हूँ
कठिन है पुरुष होना
किसी से कुछ कहे बिन
सब कुछ पी जाना
जैसे शिव ने रोका है हलाहल को अपने कंठ में
वैसे ही तुम भी रोक लेते हो बहुत सी बातें अपने होठों पर
दुनिया को दिखता है बस तुम्हारा गुस्सा
पर नहीं दिखता तुम्हारा अकेलापन
जानती हूँ
कठिन है पुरुष होना
पर जब समझ लेना तुम मुझे अपना हिस्सा
लौट आना पास मेरे
जैसा लौटता है
कोई परदेशी घर अपने
और पा लेता है सुकून
जानती हूँ
कठिन है पुरुष होना।
©®Prachi Mishra
@highlight
Prachi Mishra
#poetessprachimishrapoetry
#poetessprachimishra #poetrybyprachimishra
#प्राचीमिश्रा
#inspirationalquotes
ये आँखें
बस उतनी ही छलकनी चाहिए
जितने में न डूबे ये संसार
ये धरती और ये मन
चीर कर दुःख का सीना
जब पिघलती हैं ये आँखें
पत्थर कर देती हैं
समय के हर
एक पल को
एक खारी बूंद
होती है बहुत भारी
आँख की कोर से बहकर
कपोल तक आने से पहले
ज़रूरी है उसको रोकना
कोमल स्पर्श से
उस पीड़ा को समेटना
और संजो लेना
छाती की गर्माहट में
जैसे तपते मरूथल में
मिल जाय
थोड़ी सी छाया
जितनी बार बेबस होकर
धरती पर
गिरा ये लावा
कांप गया कलेजा धरती का
नहीं चाहिए उसे
एक और "महाभारत"
Prachi Mishra
@highlight
#poetessprachimishrapoetry
#lifecoach
मैं प्रतीक्षा के कठिन संकल्प लेकर जा रही हूँ
तुम कहो प्रिय क्या विरह बंधन तुम्हें स्वीकार होगा।
साँझ सिंदूरी भी होगी
भोर का यौवन भी होगा
प्यास धरती की बुझाता
नेह का सावन भी होगा
पर हमारी वेदना का
अब कोई भी हल न होगा
शब्द तो होंगे हज़ारों
पर स्वरों में बल न होगा
स्मृति का बाण भी अब इस हृदय के पार होगा
तुम कहो प्रिय क्या विरह बंधन तुम्हें स्वीकार होगा।
तन नहीं बांधे हैं हमने
मन का गठबन्धन किया है
प्रेम को सौभाग्य कहकर
माथ का चंदन किया है
सप्तपदी और सात भाँवर
प्रगतिपथ की भावना है
हर वचन में एक दूजे के
सुखों की कामना है
ये समय इस प्रीत के परिणाम का आधार होगा
तुम कहो प्रिय क्या विरह बंधन तुम्हें स्वीकार होगा।
लक्ष्य को साधे हुए मैं
शूल पथ पर चल रही हूँ
हर कदम अग्निपरीक्षा
मैं स्वयं में जल रही हूँ
प्रेरणा बनकर के प्रियतम
तुम सदा ही साथ होगे
मन सशंकित हो चला है
क्या पुनः विश्वास दोगे
हर पराजित स्वप्न मेरा एक दिन साकार होगा
तुम कहो प्रिय क्या विरह बंधन तुम्हें स्वीकार होगा।
हाथ हाथों में समेटे
क्षण सुखद न जी सकेंगे
नैन से नैनों कि मय को
हम अभी न पी सकेंगे
द्वार ,आंगन और दीवारें
सब अभी रूठे रहेंगे
साथ तो हर पल रहेंगे
तार पर टूटे रहेंगे
स्वास की गति पर सदा ही प्रेम का अधिकार होगा
तुम कहो प्रिय क्या विरह बंधन तुम्हें स्वीकार होगा।
आज है वनवास कल फिर
नेह का त्यौहार होगा
प्रणय की मंगल घड़ी से
पूर्ण तन का सार होगा
इस कठिन तप का हमें
वरदान तो मिल कर रहेगा
आज ये जग हँस रहा है
कल यही हमसे कहेगा
प्रीत के सूरज से ही तो ये जगत उजियार होगा
तुम कहो प्रिय क्या विरह बंधन तुम्हें स्वीकार होगा।
@highlight
Prachi Mishra
जो घर का मुखिया होकर भी
कभी सुकून न पाता है
वो पिता कहलाता है
जो खुद से ज़्यादा औलाद के बदन को
चमकाता है
वो पिता कहलाता है
परिवार की खुशियों की कीमत
जो सपने देकर चुकाता है
जो सब कुछ होकर भी
कुछ नहीं सा रह जाता है
दुनिया के लिए सख्त
और संतान के लिए मोम हो जाता है
वो पिता कहलाता है
जिम्मेदारियों को गले लगाकर
जो कुछ भी कर जाता है
जो नहीं देखता दिन और रात
जो नहीं देखता आंधी और बरसात
जो सब को खुश करने को
उम्र भर खटता ही रह जाता है
वो पिता कहलाता है
जिसके होने से मां की मांग में रौनक है
जिसके होने से सारा घर
खुशियों से रोशन है
जिसका होना छत के जैसा है
जिसका होना बरगद के जैसा है
जो रोटी है जो कपड़ा है
जो संघर्षों के जकड़ा है
जो खुद की सोच न पाता है
वो पिता कहलाता है
" Happy Fathers day"
@topfans
Prachi Mishra
आज वर्षा रात भर होती रही
यूँ लगा जैसे निशा रोती रही
श्याम मुख घन से लुकाए बावरी
भूमि का अस्तर अचल धोती रही
यूँ लगा जैसे निशा...
कौन सा दुख दंश मन में पालती
या विरह की टीस मन को सालती
उठ रहा है ज्वार कैसा भाव का
हो गया फिर से हरा कोई घाव सा
पीर के दृग नीर सब खोती रही
यूँ लगा जैसे निशा...
मंद है चंचल पवन की रागिनी
पर्ण पल्लव पर परत है ग्लानि की
रिस रहा नभ का सकल आक्रोश है
वेदना में मग्न है क्यों यामिनी
एक कलिका गोद में सोती रही
यूँ लगा जैसे निशा...
मौन हो विह्वल विचरती बावरी
कह रही क्या मेघ स्वर में सांवरी
है कभी विद्रोह तो अनुरोध भी
दामिनी में वो दिखाती क्रोध भी
राग के सुख बीज भी बोती रही
यूँ लगा जैसे निशा...
***
© प्राची मिश्रा
@highlight
Prachi Mishra
#poetessprachimishra
#poetessprachimishrapoetry
#poetessprachimishra
#poetrybyprachimishra
#प्राचीमिश्रा
No comments:
Post a Comment