बेटे भी बेटियों से कतई
कमतर नहीं
जिनके न हों बेटियां उनसे मालूम कीजिये
ख्याल रखते है माँ का
किसी बच्चे की तरह
उठा उठाकर दे देते हैं सामान
रसोई में जब भी पुकारती है माँ
धुले हुए कपड़े
छत पर सुखा आते हैं
छीन कर बाल्टी कहते हुए
छत पर धूप बहुत है
बीमार हो जाओगी
फिर से बनाकर खानी पड़ेगी
हमको मैगी
या फिर पापा के हाथ की
जली खिचड़ी
जब देती है माँ उलाहना
कहकर कि
बड़े स्वार्थी हो तुम
तब बनावटी भाव लाकर चेहरे पर कहते हैं
अरे मम्मी ज्यादा
बक बक मत करो तुम
अलमारी में रखी है दवाई
तुम्हारी
लो पानी अभी लेकर आता हूँ मैं
आँख मुंदकर
जब कभी लेट जाओ
बिस्तर पर
चुपचाप आकर सिर दबा देते हैं
बाजार से जाकर दही दूध
बिना कहे ही ले आते हैं
भरकर रख देते हैं
बोतलें पानी की
फ्रिज में
तौलिया भी बाहर सुखा आते हैं
चुपचाप बिना शोर किये
सारा सामान सेट कर देते हैं
व्यक्त कर नहीं पाते
स्नेह शब्दों में
क्योंकि वह भी मर्द होते हैं
बेटे भी बेटियों से कतई
कम नहीं होते हैं।
राशि सिंह
मुरादाबाद उत्तर प्रदेश
(मौलिक रचना)
बड़ी मुश्किल से जलाया होगा
मुझे जलाने वाले ने
मेरा आखिरी खत .
जो भरा पड़ा था मेरे मन की पीड़ाओं
और मेरे एहसासों
के थे उस पर दस्तखत
कभी देखता
होगा अक्षरों को और स्याही को
फिर पढ़ने को करता होगा
अपने मन से मिन्नत .
चंद अल्फाजों की ही तो थी प्रेमकहानी
न वो कुछ बोले थे
न हमने ही स्वीकारी मोहब्बत
फिर दिखाकर जलती दियासलाई फफकने लगा होगा उसका मन
आँखें हुई होंगी नम
फिर आँखें बंद करके
महसूस की होगी राहत .
बड़ी मुश्किल ............
राशि सिंह
मुरादाबाद उत्तर प्रदेश
(मौलिक रचना )
धनबान
-------------
तुम बेटियों की माँ हो
तुम बड़ी धनबान हो
लाड दुलार इन पर उडेल दो
निखार दो इनके हुनर को
बनकर जौहरी
चमक बिखेरेंगी दुनिया में तुम्हारे नाम की
एक दिन देखना
बनाकर रख देंगी तुमको
महारानी
अपने प्यार और देखभाल से
उस दिन तुम करोगी नाज इनपर
जब यह
ध्यान रखेंगी तुम्हारा
बच्चों की तरह
आंच नहीं आने देंगी
तुम पर किसी दुख की
तुमको
प्यार से सँभाल लेंगी
देखना
एक दिन सबसे ज्यादा
फिक्र तुम्हारी
इन्ही को होगी
ये छोड़ने नहीं जायेगी
तुमको
कुंभ में
तुम्हारी आखिरी सांस तक
स्नेह का स्पर्स
रखेंगी तुम्हारे
काँधे और
प्रेम से देखेंगी
तुम्हारी आँखों में ।
तुम बेटियों की.....................
(राशि सिंह)
स्त्रियाँ स्वाभिमानी थी
हैं और रहेंगी भी
तभी तो
जबसे माँ की कोख में अंकुरित हुई
सहनशीलता
से लवरेज कर दी गई
ईश्वर द्वारा
शायद वह भी जानते थे कि
समाज में क्या
पितृसत्तात्मक परिवारों में भी
अपनी जगह बनाने के लिए
इनको अथाह संघर्ष करना होगा
तभी तो देखो न
उनको निपुण
बना दिया बातें बनाने में
अपनी तोतली जुबान से
पारिवारिक जनों को स्नेह लुटाने पर मजबूर करने में
जिन्होंने मनाया था
मातम उनके जन्म पर
और
पारंगत कर दिया रचनात्मकता में
रसोई से लेकर
दीवारों तक सजाने संवारने में
पिता, भाई, पति और
पुत्रों के
जीवन को नई दिशा देने में
सजाने और संवारने में
उनको प्रदत्त् की ईश्वर ने
सहनशीलता, धैर्य
और
स्वाभिमान।
राशि सिंह
मुरादाबाद उत्तर प्रदेश
(मौलिक रचना )
कभी लिखना प्रेम पत्र
उस पात्र को
जिससे तुम रखते हो
स्नेह
ज्यादा बहुत ज्यादा
अपनी
जिंदगी से
तो दिक्कत नहीं आएगी कोई
शब्दों के चयन
या फिर किसी लाग लपेट
की
बिना रुके और थके
चलती रहेगी कलम लेकर
स्याही दिल की
भावनाओं और प्रेम की
न जरुरत होगी भाषा के चयनकी
और न ही शब्दों की
बस जरूरत होगी
मुट्ठी भर
भावनाओं के तीव्र ज्वर
औरहिलती डुलती
अँगुलियों की थिरकन की
खबर रहेगी न
आसपास होने बाली
हलचल
या फिर अपनी ही
धड़कन की
मुस्कराते चेहरे के हसीं भाव
ही काफी होंगे
खोलने को राज तुम्हारी
चाहत के
जिसे कभी तुमने किसी से
कहा और सुना ही नहीं
और फिर मौन भाषाके शब्दों की गहराई उतर जायेगी तुम्हारी आँखों में
और पढ़ने लगेगा
ज़माना
उनको शब्दों से भी ज्यादा सरलता से .
राशि सिंह
मुरादाबाद उत्तर प्रदेश
(मौलिक रचना )
अंतर्मन की गहराइयों में
छिपी पीड़ा वेदना प्रेम और तिरस्कार को भी
यूं नहीं उड़ेला जाता कागज पर
ढूंढने पड़ते हैं कुछ
शब्द
जिनका लेकर सहारा
बयां किया जाता है
दर्द ए _ जिंदगी
और खुशियां भी
कभी उमड़ते विचारों को जब हो जाता है मुश्किल
संभालना
तो बनकर शब्द
उतर आते हैं
और फिर अमरत्व को प्राप्त हो जाते हैं
वो भाव जो
शायद अगले ही पल
हो जाते नष्ट
क्योंकि
मन के भाव बदलने में लगता कहां वक्त
न आने में और न ही जाने में
कुछ शब्द बनकर
शिक्षक
पाठ पढ़ाते हैं उम्र भर
और कभी मिटते नहीं मिटाने से भी
कुछ ऐसी होती है उनकी अमिट
छाप ।
(राशि सिंह)
(आज एक गजल)
तुम्हारे इश्क की महक से यह तन मन महका है
छुपाया लाख जमाने से मगर यह इत्र अनोखा है।
कशिश है ,खुमारी है ,चुभन है और बेकरारी है
मगर यह इश्क का दर्द भी बहुत मीठा मीठा है ।
हम चाहकर भी भी तुमको भूल नही पाए हैं
कैसे भुला दें भला यादों पर भी किसी का पहरा है।
कुछ ख्वाहिशें जो अधूरी रह गई तेरे मेरे दरमियाँ
इसीलिए इश्क अभी भी मेरी साँसों मे महकता है ।
कभी रुँठ जाते हैं तो कभी टूट जाते है ख्वाब मेरे
मगर एक बात कहूँ उम्मीद के पंखों का बसेरा है ।
राशि सिंह
मुरादाबाद उत्तर प्रदेश
(मौलिक रचना)
इश्क कुंवारा ही अच्छा लगता है
ताउम्र रूमानी यादों से सरोबार कर
मोहब्बत के अफसाने
कागज पर तो कभी आंखों से
पढ़ा जा सकता है
जब दूर बहुत दूर
बिछड़कर अपनी अपनी
नई दुनियां में
व्यस्त हो जाते हैं
तो यादों में आ आकर ताजगी से
तो कभी
आंखों की कोरों को
गीला कर जाता है
एक ऐसा अधूरापन
जो भरा नहीं जाता किसी
के होने से
मुकम्मल कभी होने
नहीं देता
ख्यालों में आकर एक दूजे के
फिर से रोने
तो कभी हंसने की
बजह
बन जाता है
गमों के थपेड़ों में फूलों की खुशबू से
भीगा
प्रफुल्लित
तन मन को कर जाता है
कभी खुशियों के
समुद्र में
दर्द दिल का जगा जाता है
इश्क ....
राशि सिंह
मुरादाबाद उत्तर प्रदेश
(मौलिक रचना)
No comments:
Post a Comment