मुश्किल है लेकिन बदलाव ज़रूरी है
दरिया रहे दरिया तो बहाव जरूरी है
हँसते रहे जो हरदम हो जाओगे काहिल
कुछ दर्द जरूरी है कुछ घाव जरूरी है
उठाके सर चलना लाजिमी तो है लेकिन
अपनों के आगे कुछ झुकाव जरूरी है
जो होंगे पुराने तो जाएगी चमक इनकी
सामान हों के रिश्ते रख रखाव जरूरी है।
लम्बा हो के छोटा गर हो सफ़र में निकले हो
मंजिल पाने की ख़ातिर एक ठहराव जरूरी है।
सामना तुम्हारा मुमकिन है भँवर से ना हो
जो उतरे हो समन्दर में एक नाव जरूरी है
माना कि बहुत प्यारा है महबूब का दुपट्टा
लेकिन तिरंगे से भी तेरा लगाव जरूरी है
आसान है बहुत रस्ता तेरे घर से मन्दिर तक
भगवान को जो है पाना भटकाव जरूरी है।
बैठे हैं जो अनशन पर तेरी भूख के ख़ातिर
आटे का उनके भी घर में अभाव जरूरी है।
दर्द तेरा वो समझें वो तेरेजो अपने हैं
ज़ख़्मों में तेरे कुछ और रिसाव जरूरी है।
फितरत में नहीं अपने बेवजह किसीसे उलझना
पर जब बात उसूलों की हो टकराव जरूरी है।
शब्दों की सजावट को कविता नहीं कहते
कुछ संदेश जरूरी हैं कुछ भाव जरूरी हैं।
मौलिक एवं स्वरचित
प्रमोद रंजन
हज़ारीबाग़/झारखण्ड
16/06/2025
No comments:
Post a Comment