Thursday, June 26, 2025

RAJMURTI SINGH SAURABH

 नाम-राजमूर्ति सिंह ‘सौरभ’

जन्मतिथि-10/09/1958

जन्म स्थान-ग्राम पूरे लोहंगराय जनपद प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश। 

प्रकाशित पुस्तकें- मोम की हवेली,तूलिका,शृंगार सुमन। 

व्यवसाय- सहायक विकास अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त।   

ग़ज़ल संग्रह-


1

निगाह से जो ख़ुद की तुम उतर गये,

तो ये समझ लो जीते जी ही मर गये।

न जाने कौन सी कशिश थी आप में,

कि देखते ही आइने सँवर गये।

तुम इससे पहले तो बहुत ग़रीब थे,

तो कैसे पाँच साल में निखर गये।

डराने तो चले थे दुश्मनान को,

ये क्या हुआ कि आप ख़ुद ही डर गये।

वो काम कर न पायेंगे बड़े-बड़े,

जो काम आप चन्द पल में कर गये।

हमें पता है दर्द और बढ़ गया,

वो कह रहे हैं सारे ज़ख़्म भर गये।

चलो कि शाम होगयी, चलो चलें,

परिन्दे अपने घर को लौटकर गये।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


2

देह से दूरी हुई,

याद कस्तूरी हुई।

इष्ट के दर्शन हुए,

साधना पूरी हुई।

पास बैठे आप तो,

शाम सिन्दूरी हुई।

आप का संबल मिला,

दूर मजबूरी हुई।

बनगयीं आँखें श्रमिक,

नींद मज़्दूरी हुई।

याचना का फल मिला,

प्रीति अंगूरी हुई।

हर कोई अपना लगा,

सोच जब नूरी हुई।

स्नेह का दीपक जला,

ज्योति कर्पूरी हुई।

चित्त सैलानी हुआ,

दृष्टि मंसूरी हुई।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


3

साथ जियेंगे हम इस पल के,

देखें ही क्यों सपने कल के।

बोल बड़े मीठे होते हैं,

गुन देखो काली कोयल के।

शायद आप नज़र आजाएँ,

देखरहा हूँ आँखें मलके।

आँखों को प्यारे लगते हैं,

उजले-उजले फूल कमल के।

विचलित क्यों होता है पगले,

मत जा शब्दों पर पागल के।

किससे प्यार हुआ है तुझको,

हँसते-हँसते आँसू छलके।

हर मुश्किल से लड़ लेंगे हम,

सेनानी हैं रामादल के।

-राजमूर्ति 'सौरभ'

4

धर्म बड़ा या देश बड़ा है कुछ तो बोल,

अब भी तू क्यों मौन खड़ा है कुछ तो बोल।

इतना जीवन जैसे-तैसे गुज़र गया,

सिर पर संकट आन पड़ा है कुछ तो बोल।

ज़ुल्म कोई करता है कोई सहता है,

कह किसका भारी पलड़ा है कुछ तो बोल।

अर्सा बीतगया है मुझसे बात किये,

क्यों रहता अकड़ा-अकड़ा है कुछ तो बोल।

बात करेगा तो हल भी मिल जायेगा,

ये तो आपस का झगड़ा है कुछ तो बोल।

लौटेगा फिर से भाईचारा कबतक,

कबतक ये अगड़ा-पिछड़ा है कुछ तो बोल।

सच की ख़ातिर शीश कटाने कौन गया,

आगे बढ़कर कौन लड़ा है कुछ तो बोल।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


5

मुश्किल में बहुत लोग हैं आसानियों के बीच,

इक हम हैं बहुत ख़ुश हैं परेशानियों के बीच।

तालाब, झील,दरिया समुन्दर हैं सब अलग,

कुछ फ़र्क़ नहीं इनके मगर पानियों के बीच।

एहसान तले उसकी झुकी जाती है गर्दन,

इक ऐसा भिखारी है कई दानियों के बीच।

ऐसे सियासी लोगों में उलझा है मेरा देश 

जैसे कोई कनीज़ महारानियों के बीच।

मिलता ही नहीं कोई निकलने का रास्ता,

मैं ऐसा घिरगया हूँ कई ज्ञानियों के बीच।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


6

बुरा करके तो पछताना पड़ेगा,

तुम्हें क्या ये भी समझाना पड़ेगा।

परिन्दे को नहीं मालूम है क्या,

ज़मीं पर लौटकर आना पड़ेगा।

मुझे पाने की चाहत है अगर तो,

तुझे भी मेरा होजाना पड़ेगा।

बुढ़ापे में ज़ुबाँ पर रख तू क़ाबू,

जो मिलजाए वही खाना पड़ेगा।

ख़ज़ानेतक भी पहुँचेगा तू लेकिन ,

अभी इक और तहख़ाना पड़ेगा।

जो की सूरज को छूने की हिमाक़त,

तो ये तय है कि जलजाना पड़ेगा।

तू अपना घर समझ बैठा है इसको,

ये पिंजरा छोड़कर जाना पड़ेगा।


7

रात तेरा विहान कब होगा,

देवता मेह्रबान कब होगा।

जिसका गुणगान कर रहे हैं आप,

शादमाँ वो किसान कब होगा।

ख़ून चूसा है हम ग़रीबों का,

बोलिए रक्तदान कब होगा।

रू-ब-रू होगा कब हक़ीक़त से,

ख़त्म झूठा गुमान कब होगा।

अपने सुधरेंगे आचरण कब तक,

देश सचमुच महान कब होगा।

पंख इसके खुलेंगे कब आख़िर,

हौसला आसमान कब होगा।

झूठ की कर रहा है अगवानी,

सच का तू क़द्रदान कब होगा।

- राजमूर्ति 'सौरभ '



8



तू छलिया को अगर निश्छल कहेगा,

ज़माना क्यों न फिर पागल कहेगा।

हमारे पास तुम हरग़िज़ न आना,

कभी क्या साँप से संदल कहेगा।

मेरी बूँदों को अपने पंख दे दो,

हवा के कान में बादल कहेगा।

ग़रज़ होगी कोई जिसको वही तो,

तुम्हारे टाट को मखमल कहेगा।

समझ पर प्रश्न उट्ठेगा ही तेरी,

अगर सोने को तू पीतल कहेगा।

क़दम मत भूलकर आगे बढ़ाना,

हमारे पास आ, दलदल कहेगा।

भलाई लाख करिए आप लेकिन,

ज़माना तो इसे भी छल कहेगा।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


9

सूरज के भरोसे बैठे रहे ज़ेह्नों में उजाला आ न सका,

दुनिया की किताबें पढ़ डालीं जीने का सलीक़ा आ न सका।

जब बाप की साँसें टूट गयीं औरों ने उठाया कन्धे पर,

परदेश में था मसरूफ़ बहुत मैयत में भी बेटा आ न सका।

संदेह कहाँ कब दूर हुआ कोशिश तो बराबर की हमने,

औरों पे भरोसा क्या करते जब ख़ुद पे भरोसा आ न सका।

तूफ़ान के आगे बस न चला बेकार गयीं सब तदबीरें,

लहरों के थपेड़े ले डूबे साहिल पे सफ़ीना आ न सका।

आकाश में छाये तो बादल बरसे ही बिना वो लौटगये,

करते भी तो आख़िर क्या करते क़ुदरत का इशारा आ न सका।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


10


खेल में पूरी दुपहरी काटना,

ख़ूब था बचपन में छुट्टी काटना।

लौटकर आना तो पहले की तरह,

बात करना और सब्ज़ी काटना।

मौत के एहसास से कम तो नहीं,

हिज्र की रातें अकेली काटना।

प्यार की लज़्ज़त बढ़ादेता है वो,

प्यार से उसका चिकोटी काटना।

बद्दुआ उनकी न लगजाये कहीं,

सोचकर पेड़ों की टहनी काटना।

हाथ से उसका खिलाना और मेरा,

याद है धीरे से उँगली काटना।

याद करता हूँ तो भर आती है आँख,

वो तेरा हँसकर सुपाड़ी काटना।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


11

ज़बान देके भूल तो नहीं गये,

चलो कभी उसूल तो नहीं गये।

तमाम उम्र मुश्किलों में ही कटी,

चरन की लेने धूल तो नहीं गये।

भले ही रहरहे हैं साथ-साथ हम,

दिलों से पर मलूल तो नहीं गये।

ख़िज़ाँ का दौर भी गुज़र गया मगर,

मेरे चमन से फूल तो नहीं गये।

नहीं मिले भलाइयों के ब्याज पर ,

सुकून है कि मूल तो नहीं गये।

तुम्हारी आँख नम हुई मैं ख़ुश हुआ,

हमारे ग़म फ़ुज़ूल तो नहीं गये।

तुम्हारा काम कबका कर चुके हैं हम

हमारा काम भूल तो नहीं गये।

-राजमूर्ति ' सौरभ'


12-

जो कहा वो कर दिखाया बादलोॅ ने,

आज तो वादा निभाया बादलों ने।

फ़स्ल को पानी पिलाया बादलों ने,

फ़र्ज़ तो अपना निभाया बादलों ने।

सिर्फ़ चेहरा ही दिखाया बादलों ने,

सब्र को यूँ आज़माया बादलों ने।

बारहा उसको छुपाया बादलों ने,

ख़ूब सूरज को छकाया बादलों ने।

प्रश्न का उत्तर न पाया बादलों ने,

देरतक जोड़ा घटाया बादलों ने।

उँगलियों से गुदगुदाया बादलों ने,

पेड़-पौधों को हँसाया बादलों ने।

इर तरह मंगल मनाया बादलों ने,

बूँद के मोती लुटाया बादलों ने।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


13



जिस मस्ती में डूबी रहती है अलमस्त फ़क़ीरों की दुनिया,

उस मस्ती का आलम क्या जाने मग़रूर अमीरों की दुनिया।

कुर्सी पे निछावर रहती है जनता की कोई परवाह नहीं,

रहती है भला किस नश्शे में भारत के वज़ीरों की दुनिया।

उल्फ़त ही में खोयी रहती है दौलत की इसे कुछ फ़िक़्र नहीं,

दुनिया से अलग ही होती है ज़ुल्फ़ों के असीरों की दुनिया।

धोखे के सिवा कुछ भी तो नहीं इस दौर में हासिल है उसको,

दिन रात जो पागल रहती है राझों पे ये हीरों की दुनिया। 

घर फूँक तमाशा देखने पे आमादा रहे जो सच के लिए,

किस बात की फिर परवाह करे बेबाक कबीरों की दुनिया।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


14

जीन्स-कुर्ते में रहो या शेरवानी में रहो,

तुम मगर शामिल हमारी हर कहानी में रहो।

मश्विरा तो सिर्फ़ ये है होश मत खोना कभी,

काम कुछ अच्छा करो जोशे- जवानी में रहो।

हो जहाँ भी याद रक्खो ज़िन्दगी का सच वहीं,

नौकरी, व्यापार या खेती-किसानी में रहो।

हर ज़रूरत पर रखो मेहमान की ,पैनी नज़र,

पूरी शिद्दत से रहो जब मेज़बानी में रहो।

हादसे में भी बदल सकती है इक छोटी सी चूक,

ध्यान रक्खो जब कभी तुम गहरे पानी में रहो।

तुम मुहब्बत हो तो इस दिल में तुम्हारी है जगह,

और ख़ुश्बू हो तो जाओ रातरानी में रहो।

इक न इकदिन टूट जायेगा तुम्हारा भी ग़ुरूर,

ये नहीं अच्छा कि हरदम बदगुमानी में रहो।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


15

आलम है उदासी का माहौल बदलने तक,

ये रात न जायेगी सूरज के निकलने तक।

कुछ पेड़ लगाये हैं दिल को है ख़ुशी इसकी,

शायद ही रहें ज़िन्दा हम फूलने-फलने तक।

हर ज़ुल्म से लड़ना है ज़ालिम को कुचलना है,

आवाज़ उठायेंगे हम ख़ून उबलने तक।

छोड़ेंगे नहीं हरगिज़ उम्मीद तेरा दामन ,

कोशिश तो करेंगे हम पत्थर के पिघलने तक।

कुछ दौड़ लगाने में रखते हैं यक़ीं लेकिन,

ऐसे भी हैं जिनकी हद कुछ दूर टहलने तक।

छलिया का धरम छलना अपना कि पराया हो,

हर सोच पहुँचती है उस शख़्स की छलने तक।

वो लोग बहुत कम हैं पहचान रखो उनकी,

जो साथ निभाते हैं गिरने से सँभलने तक।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


16

तेरी मुश्किल का सहारा हो जाऊँ,

मैं तुझे जान से प्यारा हो जाऊँ।

फिर वही ग़ुस्सा करूँ क्या तुमपर,

जैसे पहले था दुबारा हो जाऊँ।

मुझको पानी ही बने रहना है,

उसकी कोशिश है शरारा हो जाऊँ।

तू कलेजे से लगाले मुझको,

मैं तेरी आँख का तारा हो जाऊँ।

दिल में रहती है यही एक तड़प ,

कब मुहब्बत का इदारा हो जाऊँ।

ग़ौर से देखें सब मेरी जानिब,

तेरी आँखों का इशारा हो जाऊँ।

तू है सागर तो बनूँ मैं किश्ती,

तू है किश्ती तो किनारा हो जाऊँ।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


17



किसी और की है ये जागीर क्या,

हमारा नहीं है ये कश्मीर क्या।

वो दुश्मन अभी तिलमिलाया नहीं,

निशाने पे बैठा नहीं तीर क्या।

मेरी जान लेने पे क्यों हैं तुले,

रुकेगी न लफ़्ज़ों की शमसीर क्या।

अँधेरा बहुत हमारी भी बस्ती में है,

न पहुँचेगी सूरज की तनवीर क्या।

ये क्यों आप हैं खोये-खोये हुए,

मुहब्बत की बाक़ी है तासीर क्या।

किसी दर्द पर अश्क छलके नहीं,

तेरी आँख में अब नहीं नीर क्या।

मुक़द्दर से मेरा यही है सवाल,

मिलेगी न ख़्वाबों को ताबीर क्या।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


18

ख़्वाहिशें ही ख़्वाहिशें थीं और मैं,

मुश्किलें ही मुश्किलें थीं और मैं।

सोचता था तुम मिलोगे या नहीं,

ज़ेह्न में कुछ अटकलें थीं और मैं।

देखलूँ तुमको, मिलूँ,बातें करूँ,

कैसी-कैसी चाहतें थीं और मैं।

इक सुखद एहसास तो था तुम न थे,

लम्स की वो ख़ुश्बएँ थीं और मैं।

इक अजब सी कशमकश दिल में रही,

वो मुसल्सल दस्तकें थीं और मैं।

आँख थी दीदार की प्यासी मगर,

बन्दिशें ही बन्दिशें थीं और मैं।

मुस्कुराते तुम खड़े थे सामने,

तेज़ दिल की धड़कनें थीं और मैं।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


19


कब कलेजे से लगाया गया हूँ,

बस किसी तौर निभाया गया हूँ।

सच तो ये है कि डुबाया गया हूँ,

सिर्फ़ कहने को बचाया गया हूँ।

मुझमें आती भी कहाँ से हिम्मत,

मैं तो हर वक़्त दबाया गया हूँ।

मेरी पहचान मिटायी गयी है,

जो नहीं हूँ वो जो बताया गया हूँ।

राह आती नहीं पहचान में वो,

बारहा जिससे मैं आया गया हूँ।

मैं ही मलफ़िल को सजाने वाला,

मैं ही महफ़िल से उठाया गया हूँ।

छलकी-छलकी है आँख जो मेरी,

गुदगुदाकर मैं हँसाया गया हूँ।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


20

खुलेंगे बादल ,दिखेगा सूरज,यक़ीन रक्खो,

ख़ुद आके तुमसे मिलेगा सूरज ,यक़ीन रक्खो

हमेशा थोड़ी बनी रहेगी ये चाल उसकी,

कभी तो आख़िर रुकेगा सूरज,यक़ीन रक्खो।

जो बात बैठा हुआ है अबतक दबाये दिल में,

वो बात खुलकर कहेगा सूरज, यक़ीन रक्खो।

अटल तो रक्खो इरादे अपने यक़ीन अपना,

तुम्हारे मन की करेगा सूरज,यक़ीन रक्खो।

किसी के जलने की फ़िक़्र उसको अगर नहीं है,

तो ज़िन्दगीभर जलेगा सूरज ,यक़ीन रक्खो।

करेगा वो अनसुनी कहाँतक ये सोचता हूँ,

हवा की पीड़ा सुनेगा सूरज ,यक़ीन रक्खो।

अभी जवानी के जोश में है ,तपा हुआ है,

निढाल होगा,ढलेगा सूरज,यक़ीन रक्खो।

-राजमूर्ति 'सौरभ'


19 june 17:47


No comments:

Post a Comment

ANKITA SINGH

  कुछ भी पूछूँ तो तबस्सुम में उड़ा देता है,(तबस्सुम:हँसी) जाने किस जन्म की बातों की सज़ा देता है! मुस्कुराके वो जलाता है ख़यालों के चराग़ अन...