ग़मों ने मुझको निखारा है
बहुत ग़म दिए हैं उस ख़ुदा ने मुझे
उन्हीं ग़मों ने मुझको निखारा है
टूटकर मैं गिरा और सम्हल भी गया
मेरी गलतियों ने मुझको संवारा है
हर किसी से मिली मुझको सिर्फ बेरुखी
लेकिन इस कलम ने मुझको दुलारा है
सोचता हूँ कहूँ कुछ अलग आज मैं
क्योंकि यह दिन आज का बहुत प्यारा है।
- श्रीयांश गुप्ता
लौट आया हूं मैं अपने शहर में
लौट आया हूं मैं अपने शहर में
सब कुछ बदल गया है इस शहर में।
जाने-पहचाने थे पहले सब यहां सभी
अब सब अनजान रहते है इस शहर में।
ताज़ी हवा चलती थी यहां पहले कभी
अब कड़वी हवा चलती है इस शहर में।
रौनक से भरा था यह शहर कभी
अब सन्नाटा पसरता है इस शहर में।
याद आए ऐसा कुछ नहीं बचा अब यहां
सब कुछ बदल गया है इस शहर में।
- श्रीयांश गुप्ता
अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस पर विशेष कविता
एक आवाज़ पर्यावरण की
मुझ पर एक एहसान जताओ
मुझ पर तुम कोई जुर्म न ढ़हाओ
मेरे इस अस्तित्व को
कृपया कर तुम ही बचाओ।
मै नहीं तो तुम भी नहीं
अपने लिए तो मुझे बचाओ।
मेरे इन हाथों पर
अपना दम मत दिखाओ।
जब-जब मुझे गुस्सा दिलाओगे
बाद में तुम पछताओगे।
मैं था पहले कितना सुंदर
तुमने मुझे मिटा दिया।
तुमने ऐसा क्यों किया?
अपने लिए मुझे उजाड़ दिया
आखिरी गुज़ारिश करता हूँ –
कृपया करके मुझे बचाओ।
- श्रीयांश गुप्ता
बात करोगे तो बात बनेगी
बात करोगे तो बात बनेगी
बिना बात के यहां दाल नहीं गलेगी।
क्योंकि यहां खेल ही सारा बातों का है
यहां मोल नहीं कोई जज़्बातों का है।
जो तुम कह सकें अपनी बातें
सुधर जाएंगी तुम्हारे दिन और रातें।
हर शख्स तुम्हारा अपना होगा
पूरा तुम्हारा हर सपना होगा।
जहां तुम चूकें कुछ कहने से
अपनी बात समझाने से
वहीं सब तुमसे बिगड़ेंगे
तुम्हारे बनते काम बिगड़ेंगे।
तुम चाह कर भी कुछ न कर पाओगे
और अपने को सबसे दूर पाओगे।
अगर जिंदगी को तुमको जीना है
तो बिना बात यहां कुछ नहीं होना है।
क्योंकि…
बात करोगे तो बात बनेगी
बिना बात के यहां दाल नहीं गलेगी।
- श्रीयांश गुप्ता
दोहे
जीवन में जो भी मिला, मानो तुम आभार।
अपने बस में कुछ नहीं, इतना सा है सार।
मेरे तो बस में नहीं, पढ़ना यह संसार।
दुनिया में मिलते नहीं, सबके सभी विचार।
कैसे कैसे लोग हैं, कैसे इनके रूप।
बिना करे कुछ काम ये, कहते खुद को भूप।
बोतल में भर कर मिले, अब तो पानी देख।
फिर भी करते कुछ नहीं, लिखते सिर्फ प्रलेख।
हर पल का उपयोग कर, जीवन है अनमोल।
सही गलत जो भी लगे, उस पर आकर बोल।
सावन आए जोर से, करता वह बौछार।
ख़ुशी मनाते है सभी, जैसे हो त्यौहार।
कलयुग में मिलते नहीं, आसानी से राम।
दुनिया में चलता नहीं, सिर्फ बात से काम।
सच्चा नाता हो अगर, करते हम विश्वास।
करते है हम जन सभी, अपनों से ही आस।
पेड़ो तुम काट कर, कैसे लोगें छाँव।
शहरों की इस होड़ में, भूल गए तुम गाँव।
किसी को नहीं चाहिए, जो है उनके पास।
ज़िन्दगी से सुकून की, रहती सबको आस।
- श्रीयांश गुप्ता
No comments:
Post a Comment