गीत
तू चंदा मैं चंद्रिका हूँ, पिया घन तुम, वन मोर मैं!
तुम प्रीत की झीनी चदरिया, प्रियतम हूँ इक डोर मैं!
तुम रमे घट-घट में प्रियतम,
मैं निज से आनजान रे!
मैं मति मंद चहुँदिश भटकू
व्याकुल बिन देखे प्राण रे!
सावन के तुम मेघ पिया जी, हूँ प्यास घनघोर मैं!
तू चंदा मैं चंद्रिका हूँ, पिया घन तुम, वन मोर मैं!
मैं तेरे अधर की बाँसुरी,
मोहन तुम मृदु तान रे!
लगूँ अधर होऊँ मतवारी,
चंचल सरस हो प्राण रे!
अंधेरे पथ के तुम दीपक, जुगनुओं की अंजोर मैं!
तू चंदा मैं चंद्रिका हूँ, पिया घन तुम, वन मोर मैं!
तुम मधुबन के तरुवर माधव,
मैं कुँज गली की बेल रे!
ज्यूं चंदन पानी का नाता ,
अपना भी प्रिय मेल रे!
सींच उठी साँसों की डोरी, खींचती तेरी ओर मैं !
तू चंदा मैं चंद्रिका हूँ, पिया घन तुम, वन मोर मैं!
डॉ उषा किरण
#ऑपरेशन_सिन्दूर
#जय_भारतीय_सेना
रण बाँकुरो सुनो
तुम प्रचंड वेग हो वायु के,
सागर के प्रबल धार हो।
सहस्त्रबाहु शक्ति युक्त,
तुम महाकाल अवतार हो।
चुटकियों में अरि दल का,
कर सकते हो तुम मर्दन।
दिव्य पुंज भरे चक्षु तेरे,
कैसे उठे दुश्मन की गर्दन।
तुम कर सकते हो भस्म,
इस कलयुग के भस्मासुर को।
गिन-गिन कर बदला लो,
पोंछ माँ भारती के अश्रु को।
टकटकी लगाए देख रही,
लेकर माँ भारती आस।
सदियों तक हो जय जयकार,
तुम छीन लो दुश्मन की साँस।
भारती के रण बाँकुरों सुनो,
मत होना तुम हताश।
सवा सौ करोड़ देशवासियों की,
दुआ है तुम्हारे पास।
डॉ उषा किरण
क्षमा दया इस बार नहीं
जिसके हिय में भाव नहीं है,
पत्थर वह कहलाएगा ।
रक्त नहीं जो तेरा उबले,
तो पानी बन जाएगा।
स्वाभिमान अपना सो जाए,
इतनी नींद नहीं सोना।
समय सभी के हाथ अभी है,
खेत चुगे पर क्या रोना!
कब तक आँखें बंद रखोगे,
अधर-अधर पर ताले क्यों?
सहते वार रहोगे कब तक,
और हृदय पर छाले क्यों?
सिंह नाद करके घर-घर से,
उठो शस्त्र शृंगार करों।
त्राहिमाम करे शत्रु दल,
चहुँदिश से तुम वार करो।
क्षमा-दया इस बार नहीं हो,
आर-पार कर देना है।
गीदरों की मांद में घुसकर,
ढ़ेर वहीं कर देना है।
हम सन्तान शिवा, राणा के,
तुझको आज जता देंगे ।
नापाकिस्तान देख तुमको ,
तेरी औकात बता देंगे।
छाती पर तेरी अबकी सुन,
तिरंगा हम लहराएँगे।
ठान लिया जो हमने उसको,
करके आज दिखाएँगे।
डॉ उषा किरण
2122 2122 2122 212
आपका ही दिल हमारा आशियाना हो गया।
जिंदगी लगने लगी जैसे तराना हो गया।
ख्वाब सारे खो गए वीरानियों में थे कहीं-
स्याह रातें ढल गईं सूरज का आना हो गया।
छांँव हो या धूप सी हो जिंदगी अपनी यहाँ-
आपके पहलू में जीने का बहाना हो गया।
बाग में हैं गुल खिले मौसम बहारों का यहांँ-
हर पहर जैसे गजल सी गुनगुनाना हो गया।
खिलखिलाती हो सुबह हर गुनगुनाती शाम हो-
हो खुशी या गम मिले अब मुस्कराना हो गया।
आ सनम मैं तान दूंँ अब शामियाना इश्क का -
दो नजर जब से मिली तो फिर फसाना हो गया।
साथ में अपनी उषा हो जिंदगी शामों सुबह-
आपके दिल में हमारा अब ठिकाना हो गया।
डॉ उषा किरण
🌹ग़ज़ल 🌹
1222 1222 122
सनम तुमसे सभी अरमान मेरे।
लगे जैसे कि तुम वरदान मेरे।
अगर मैं रूठ भी जाऊं कभी तो-
खिला देना अधर मुस्कान मेरे।
पसारो बांह अपनी तुम बुला लो-
ख़ता सब माफ कर नादान मेरे।
चलो तुम हाथ थामें हर जनम जो-
सदा तुम ही रहो अभिमान मेरे।
गुलों का हो नहीं साया भले ही -
रहे तुमसे सदा सम्मान मेरे।
सुहाना हो सफर ए खूबसूरत -
रहे आंगन भरा गुलदान मेरे।
‘उषा’ खिलती सदा पहलू सनम के-
खुशी हर वक्त तुमसे प्राण मेरे।
डॉ उषा किरण
पूर्वी चंपारण, बिहार
2122 2122 2122 2
इस धरा का जब नवल श्रृंगार होता है।
हर तरफ ही खुशनुमा संसार होता है।
फूटती नव कोंपले नव रूप ले कर के-
जिंदगी का बस यही आधार होता है।
झूमती हैं तितलियाँ हर फूल पर देखो-
उन सभी से बाग भी गुलजार होता है।
लद गई है मंजरी से आज अमराई -
मद भरे मधुबन लगे उपहार होता है।
ओढ़ती है रात भी तारो जरा घूंघट -
आगमन से चाँद का दीदार होता है।
रात भर वो देखता चुपचाप चन्दा को -
दूर से भी चाहना स्वीकार होता है।
दूरियांँ तुम से सही जाती नहीं अब तो -
चल उषा अपना जहांँ घर बार होता है।
डॉ उषा किरण
पूर्वी चम्पारण, बिहार
🌹मन ठहरा ठहरा सा 🌹
चन्दा पिघला-पिघला सा वह,
उजली रातों में।
मन ठहरा-ठहरा सा मेरा,
उसकी बातों में।
आज चाँदनी आँगन उतरी,
नीले अम्बर से ।
खुशियों की गागर सी छलकी,
मन के अन्तर से।
चंचल किरणें नभ से उतरी,
तरु के पातों पर।
चुगती फिरती मोती बूंदें,
द्रुम के गातों पर।
कोकिल स्वर के कूंजन से अब,
झूमी अमराई ।
रंग लिए बासंती फूली,
सरसो तरुणाई।
दिवस सुहावन रातें भी अब,
भाती है मन को।
आ बासंती पवन बावरी,
छूती है तन को।
मद का घट लेकर इतराती,
महुआ की डाली।
मुस्काती किरणें प्राची में,
ले अबीर थाली।
रजनीगंधा महका जाती,
साँसों की गलिया ।
वापस आओ तुम्हें बुलाती,
निर्मोही छलिया।
डॉ उषा किरण
माँ यही वरदान दो
प्रशस्त हो हर सत्य पथ,
यही कृपा अनुदान दो।
शुभ भाव हो शुभ कामना,
हे! माँ यही वरदान दो।
चहुँदिश बहा दो प्रेम को,
हर ओर हो सद्भावना।
जग हो करूँणा से पूरित,
दे दो सभी संभावना।
अग्रसर होते रहें हम,
वह लक्ष्य हर संधान दो।
शुभ भाव हो शुभ कामना,
हे! माँ यही वरदान दो।
राष्ट्र के हित हम जियें,
राष्ट्र हित हर कर्म हो।
हम सदा तत्पर रहें,
पुरुषार्थ ही स्व धर्म हो।
निराशा का तम मिटाकर,
हे! माँ हमें शुचि ज्ञान दो।
शुभ भाव हो शुभ कामना,
हे! माँ यही वरदान दो।
वृत्तियाँ सभी निशाचरी ,
इस धरा से दूर कर दो।
हर उर को सद्वृत्तियों से,
मात तुम भरपूर कर दो।
अनुत्तरित हर प्रश्न का,
हे! माता समाधान दो।
शुभ भाव हो शुभ कामना,
हे! माँ यही वरदान दो।
डॉ उषा किरण
पूर्वी चंपारण, बिहार
एक दीप
एक दीप जलाओ न
तुम भी मेरे नाम का
जैसे जलाए हैं मैंने
तेरे लिए।
बनाई है खूबसूरत सी
एक अल्पना
अपने मन की देहरी पर
भरे हैं उनमें
विविध रंग
अपनी अनुभूतियों के
चाँद से माँगी है
अंजुरी भर
उसकी चंद्रिका
जिसे तुम पर
बिखेर सकूँ
ओस की बूँदों को
रोक रखा है
अपनी हथेलियों में
जिसमें देख सकूँ
तेरा प्रतिबिंब।
भोर की लालिमा को
उतार लिया है
अपने आँचल में
तन-मन में मेरे
समाहित होने लगी है
प्रातःकाल की पहली रश्मि
तुम्हें छू कर आती
मंद-मंद बहती पुरवाई
स्मित से तुम
मेरे बंद पलकों के पीछे…।
साँझ की आहट
लिए आती है
स्वप्नों का अंजन
बह जाती है एक सरिता
उन्मुक्त सी मेरे भीतर
जिसकी लहरों पर
तैरते तुम झिलमिल
चाँद किरणों की तरह।
कितनी रातों के
रीते प्रहरों में
जलाए रखे है मैंने
एक दीप
तेरे नाम का।
मेरे नाम का
एक दीपक
तुम भी जला लो न…….!
डॉ उषा किरण
नज़्म (बे बह्र ग़ज़ल)
बेचैनी को जो दे करार तुम वही बात करो।
हों लब खामोश निगाहों से मुलाकात करो।
न जाओ कहीं अब दूर नजर से दिलवर,
हर एक पल को मेरे वस्ल की रात करो।
गूँजने दो कोई नगमा खामोशी में भी,
इस कदर इश्क में अपने ख्यालात करो।
कुछ कहती सी लगे चाँदनी रातें अक्सर,
रहो न दूर इश्क की शबनमी बरसात करो।
है ये गेसुओं की छाँव बस तेरे लिए 'उषा '
हो बंदगी हर पल को रौनक-ए-हयात करो।
डॉ उषा किरण
🌹ग़ज़ल 🌹
221 2122 221 2122
मांझी चलो किनारे सागर मचल रहे हैं।
रोके हमें जमाना पासे बदल रहे हैं।
तूफा अगर डराए मुश्किल सफ़र हमारा-
ये कम नहीं कि दिल में अरमा पल रहे हैं।
सब लोग जानते हैं हमने नदी उतारी-
सूरज कई हमारे मन में निकल रहे हैं।
खुद ही नहीं संभाला गर राह में कदम तो -
देखो यहांँ गिराने सब लोग चल रहे हैं।
मंजिल हमें पुकारे चलना मग़र सँभल कर-
दिल में ‘उषा’ इरादे हर पल अटल रहे हैं।
डॉ उषा किरण
पूर्वी चंपारण, बिहार
स्वप्न वह
स्वप्न वह
सुरमई सा
अधखुली पलकों का
दूर कहीं अंबर के उस पार
मुस्काया था एक चाँद
जैसे घुँघरू बंध गए हों
दिशाओं के।
लाज खींच गई थी
पूरब की कनपटियों तक।
उस सिंदूरी अंबर में
दौड़ता मेरा स्वप्न
तारों की झुरमुट से
करता सरगोशियाँ
कभी निहारिकाओं के संग
खिलखिलाता
खींचता चाँदनी को
अपनी अंजुरी में
कभी सांसों में भरता
रजनीगंधा की भीनी सी महक।
टोहता कभी
भोर की किरण को
फिर रश्मियों के संग
खुलता मेरे अन्तर में
रेशमी गाँठ की तरह।
साँझ के ढलते ही
खींच कर लाता
चांँद को बालकनी के बीच
और फिर वहीं
टिका देता अधर में स्थिर!
तब निहारता मन मुग्ध नयन
सम्मुख मेरे
मेरा स्वप्न वह …..!
डॉ उषा किरण
स्वप्न वह
स्वप्न वह
सुरमई सा
अधखुली पलकों का
दूर कहीं अंबर के उस पार
मुस्काया था एक चाँद
जैसे घुँघरू बंध गए हों
दिशाओं के।
लाज खींच गई थी
पूरब की कनपटियों तक।
उस सिंदूरी अंबर में
दौड़ता मेरा स्वप्न
तारों की झुरमुट से
करता सरगोशियाँ
कभी निहारिकाओं के संग
खिलखिलाता
खींचता चाँदनी को
अपनी अंजुरी में
कभी सांसों में भरता
रजनीगंधा की भीनी सी महक।
टोहता कभी
भोर की किरण को
फिर रश्मियों के संग
खुलता मेरे अन्तर में
रेशमी गाँठ की तरह।
साँझ के ढलते ही
खींच कर लाता
चांँद को बालकनी के बीच
और फिर वहीं
टिका देता अधर में स्थिर!
तब निहारता मन मुग्ध नयन
सम्मुख मेरे
मेरा स्वप्न वह …..!
डॉ उषा किरण
No comments:
Post a Comment