सुप्रभात दोस्तो!
एक ग़ज़ल...
हर कदम पे जिंदगी व्यापार हो गई
एहसास से परे ये जीत- हार हो गई
आइने के सामने ही ये पता चला
शख्सियत हमारी दागदार हो गई
कर लिया भरोसा फिर से हमने यार का
वो ही गलती फिर से एक बार हो गई
अब तलक तो आँखों में ही थी शिकायतें
अब जुबां भी उसकी धारदार हो गई
दिल की एक बात क्या बताई थी उन्हें
जिंदगी हमारी इश्तिहार हो गई
वादियों में भर गया जहर तो घाटी की
एक-एक क्यारी शर्मसार हो गई
माँ को मुद्दतों के बाद देख कर 'सखी'
एक पल में जैसे शीर-ख़्वार हो गई
----------#कविता
श्रमिक दिवस पर बहुत समय पहले लिखा #नवगीत ....
ठक-ठक ठक-ठक करे काटती
मजदूरन पत्थर
गढ़ती अनगढ़ उम्र सुगढ़तम
पत्थर से पुतले
काया का कंचन पिघलाकर
प्रस्तर मूर्ति ढले
साँझ ढले वह जाती घर को
जरा जरा चुक कर
ठक-ठक ठक-ठक करे काटती
मजदूरन पत्थर
छेनी लेकर चली काटने
किस्मत वह काली
जुगत लगाती है भर जाए
थोङी सी थाली
लगती क्यों तू भूख निगोड़ी
जा जाकर तू मर
ठक-ठक ठक-ठक करे काटती
मजदूरन पत्थर
उदर भरण का प्रश्न बङा है
मजदूरी छोटी
तरल हुई है जिह्वा लेकिन
सूखी सी बोटी
बेच दिया श्रम के ही सँग-सँग
अंजर औ पंजर
ठक-ठक ठक-ठक करे काटती
मजदूरन पत्थर
-----#कविता
शुभ रात्रि...
जाते-जाते एक गीतिका ...
दुखों को वे करें आधा सुखों को दोगुना करते
बुज़ुर्गों का रहे जो साथ वे साया घना करते
पटा सामान से घर है मगर दिल में कमी सी कुछ
न बोले काग छत पर भाव ये दिल में पला करते
पड़ी हैं बंद अब तहज़ीब की सब पाठशालायें
कहानी हैं न नानी हैं कथा जिनसे सुना करते
उलझना जानता था जो नहीं रेशम सा रिश्ता वो
जरा सी गाँठ को अब तोड़ने की ज़िद किया करते
सुरक्षा का रहे अहसास अपने हों निकट यदि तो
पहाड़ों सी परेशानी को' वे राई सदा करते
--------#कविता
No comments:
Post a Comment