(मेरे गीत संग्रह "गीतायन" से मेरी पसंद का एक गीत )
चलो मीत !अब गाँव चलें ...
चलो मीत !अब बहुत खप लिये
लौटें , अपने गाँव चलें ।
तंत्र, व्यवस्था ' द्यूत' हो गये
शकुनि सरीखे दाँव चलें ।
इस संवेदन हीन विपिन में
कड़ी धूप सह चले कर्म की ।
हर पथ चलते रहे अहर्निश
तपिश न देखी कभी चर्म की ।
तन जो जला सहा चुप हमने
मन भी बार बार झुलसाया ।
शब्द शूल से चुभे ह्रदय में
पर पीड़ा में उर हुलसाया ।
चल तन- मन के ताप मिटाने फिर बरगद की छाँव चलें ।।
कुछ स्वप्नों के लिए कभी हम
आँगन सूना कर आये थे ।
माँ की आश पिता का बोझा
आँखों में भर कर लाये थे ।
कर्तव्यों के निष्ठुर पथ पर
निर्मम बलि दी उन सपनों की ।
जन्मभूमि का ऋण गुरुतर था
चाहत घायल थी अपनों की ।
जहाँ बैठ सपने बोये थे ,चल मितवा ! उस ठाँव चलें ।।
हम सेवा के शिलालेख पर
श्रेष्ठ कथानक लिख आये ।
बना चले पदचिह्न अमिट
जो नये पथिक को दिख जाये ।
छोड़ चले हैं गन्ध सुवासित हम
अपनी उस माटी की ।
राष्ट्र हेतु सर्वस्व समर्पण
बलिदानी परिपाटी की ।
बूढ़े जनक राह तकते ,
चल धोयें उनके पाँव चलें ।
चलो यार!अब बहुत खप लिये
लौटें , अपने गाँव चलें ।।
देवेन्द्र सिंह
द्यूत - शतरंज, जुआ
हुलसना - अत्यंत प्रसन्न होना , उल्लासित होना
ठाँव - जगह , स्थान
अहर्निश- रात - दिन
No comments:
Post a Comment