घर से भागी हुई लड़की
गहनों और पैसों की गठरी में
बांध लें जाती है
पिता का घमंड
भाई का अभिमान
और माँ की ममता
किन्तु इन सबसे परे
सबसे कीमती चीज ले जाती है
छोटी बहन का सपना
जो देखा है उसने
एक मुट्ठी आसमान अपने लिए समेटने का
वह अपने साथ बांध लें जाती है
पड़ोस की लड़कियों की आशाएं
जो पाले हुए थीं लम्बे समय से
कि उन्हें मन का स्कूल या कॉलेज मिलेगा
सोचे हुए विषयों के साथ
वह नकारे बेटों वाले
उन तमाम रिश्तेदारों को
एक चटख मसाला छोड़ जाती है
जो अपने बेटों की दुश्चरित्रता को छिपाने के लिए
लगाना चाहते हैं बेटियों पर पहरे
और कसते हैं तंज
कि बेटियों का ऊँचे दर्जे तक पढ़ना
दरअसल घर से इज्जत का निकलना है।
डॉ. प्रतिभा सिंह
जब दो स्त्रियाँ
आपस में
बात करती हैं
तो उड़ेल देती हैं
अपना भोगा हुआ दुःख
और रीता हुआ सुख
वह धर्म और राजनीति पर चर्चा नहीं करती हैं
वह देश-विदेश की खबर नहीं रखतीं
किन्तु पड़ोस की
खाट पर कराहती
सामू की माँ का दुःख
उन्हें अपने जैसा लगता है।
डॉ. प्रतिभा सिंह
ब्याहता बेटियाँ
---------
ब्याहता बेटियाँ
ज्यादा दिन
मायके में अच्छी नहीं लगती हैं
वह जिसदिन ब्याहकर विदा कर दी जाती हैं
ख़त्म हो जाता है
उनका अधिकार
अब वह जब भी आती हैं मेहमान की तरह
जिस घर का हर एक कोना संवारने में
हो गईं घर की छोटकी से एक युवा स्त्री
अब वह घर उसका नहीं रहा
अब वह संकोच से भाई या पिता के कमरे में जाती है
माँ या भाभियों से बार-बार पूछती है
जब भी रसोईं में होती है
अब उसे नहीं आता है
मायके की चीजों में अपनेपन का भाव
वह बैग से कपड़े निकालकर आलमारी में लगा दे
या फिर पड़े रहने दे
यही सोचने में बिता देती है हप्तों
कि छोड़ो जाना ही तो है कुछ दिन बिताकर
एक खरोच पर
आसमान सिर पर उठाने वाली लड़की
अब पहाड़ से दुखों को झेलकर चुप रहती है
माँ जब भी पूछती है
तुम खुश तो हो ?
वह मुस्कुराकर कहती है
बहुत
ऐसा कहते हुए वह
मूंद लेती है पलकें
बहने से पहले दुख की नदी
ब्याहता बेटियाँ
ऐसे ही साल में
एक दो बार आकर
लौट जाती हैं
मेहमान की तरह।
डॉ. प्रतिभा सिंह
स्त्री ने खड़े होने का साहस किया
और दौड़ने के लिए जमीन मिल गई
स्त्री ने दोनों हाथ उठाकर आसमान की ओर देखा
और उड़ने के लिए आकाश मिल गया
थोड़ा सा खुद को खुद से मुक्त किया
तो एक स्वप्न आँखों में उतर आया
क्रोसिया चलाती हुई स्त्री
वस्त्र व्यवसायी हो गई
और किचन समेटती हुई होटल की मालकिन
कलछी -पलटा चलाती हुई
हवाई जहाज उड़ाने लगी
देखते ही देखते स्त्री वह सब करने लगी
जो बस पुरुष ही करता रहा है
किन्तु असूर्यपस्या से मिसाइल वीमेन की
लम्बी यात्रा तय करती हुई स्त्री
न जाने कब देवी से खलनायिका हो गई
उसे समझ ही नहीं आया
किन्तु वह इसपर भी खुश है
कि उसे लोग जानने लगे हैं
वह धीरे से हाथ पकड़कर
ढांढस बढ़ाती है
दूसरी स्त्री का
कि डरो मत
चलती रहो
तुम समय की साक्षी बनो
क्योंकि यह समय हम स्त्रियों का है।
डॉ. प्रतिभा सिंह
हम सभी स्त्रियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामना💐
No comments:
Post a Comment