छत है दीवार है
खिड़कियाँ हैं रौशनदान है
इन सब में ढूँढता हूँ
कहाँ मेरा मकान है।
दबाऊँ एक बटन तो
रौशन हो जाता है पुरा घर
ठंडा हुआ कमरा भी
एक बटन छुकर
ऐशोआराम का हर
सामान है
इन सबमें ढूँढता हूँ
कहाँ मेरा मकान है
चमचमाती दीवार पर
टँगी कई सुन्दर तस्वीर है
और सामने घर के भी
फुलों से भरा बगान है
इन सब में ढूँढता हूँ
मेरा कहाँ मकान है
कहाँ है मेरा भाई
जो अब मुझसे बोलता नहीं
घुट घुट कर जी रहा है वो
राज दिलके खोलता नहीं
उसकके शरारत भरे किस्से
खो गई उसकी मुस्कान है
इन सब में ढूँढता हूँ
मेरा कहाँ मकान है
खो गई है मेरी बहन की राखी
घर सर पर उठाना उसका
कुछ इतराना कुछ समझाना
और कुछ इठलाना उसका
तारे भरे होने थे मगर
माँग उसकी वीरान है
इन सब में ढूँढता हूँ
मेरा कहाँ मकान है।
माँ की पथराई सी आँखे
ग़म से भी पिघलती नहीं
कोई रौशनी उम्मीद की
अब मन में जलती नहीं
चहल पहल है चारों तरफ़
मगर दुनिया उसकी सुनसान है
इन सब में ढूँढता हूँ
मेरा कहाँ मकान है।
मौलिक एवं स्वरचित
प्रमोद रंजन
हज़ारीबाग़/झारखण्ड
17/06/2025
सुबह का अखबार पढ़ो और चुप रहो
मौसम का समाचार पढ़ो और चुप रहो
हत्या कहीं बलात्कार कहीं मजहबी दंगे
बस यही बार बार पढ़ो और चुप रहो।
पढ़ो अपने देश में शहर पहलगाम है
आतंकियों के हाथ हुआ बेलगाम है
खूनी लाल रंग की यहाँ झील हो गई
मोहब्बतें मौत में अब तब्दील हो गई
सिन्दूर बना अंगार पढ़ो और चुप रहो।
सुबह का अखबार पढ़ो और चुप रहो।
मौसम का समाचार पढ़ो और चुप रहो ।
पढ़ो कि एक लड़की ने सारी हदें पार की
सात जनम का साथ सात पल में मार दी
प्रेमी के साथ रहना था वो रह लेती मगर
क्यों एक माँ की कोख उसने उजाड़ दी।
माँ की बेबस चीत्कार पढ़ो और चुप रहो।
सुबह का अखबार पढ़ो और चुप रहो
मौसम का समाचार पढ़ो और चुप रहो।
अब तो जूँ भी रेंगे नहीं तुम्हारे कान पर
जिंदा जलते रहें लोग भले विमान पर
तुमको कुर्सी की हिफ़ाज़त याद रहे
इलेक्शन में है बिहार पढ़ो और चुप रहो।
सुबह का अख़बार पढ़ो और चुप रहो
मौसम का समाचार पढ़ो और चुप रहो ।
स्वरचित और मौलिक
प्रमोद रंजन
हज़ारीबाग़/झारखण्ड
१८/०६/२०२५
राहत देता अब घाव है
अब रिसता है हर मरहम
मोहब्बत में किस मुकाम पर
आ गए हैं हम।
दोस्त सब दुश्मन से लगे
लगता दुश्मन दोस्त सा
किससे करें हम झगड़े
अब किसको कहें सनम।
मोहब्बत में किस मुकाम पर
आ गए हैं हम।
बेचैनियाँ ना हो तो लगे
अधुरी रात है।
सुबह है अलसाई सी
आँच देती बरसात है।
झूठा वादा भी किसीका
लगता है एक क़सम।
मोहब्बत में किस मुकाम पर
आ गए हैं हम।
वादे पर जो यकीन हो
तो लगता अजीब है
जो जितना दूर है
लगे उतना करीब है
मालूम नहीं शुरू हुई जिंदगी
या हुई खतम
मोहब्बत में किस मुकाम पर
आ गए हैं हम।
सावन की बरसात भी
अब आग दे रही
दोपहरी जेठ की
वासन्ती फाग दे रही
आना उसका है चाँदनी
ठहरना है शबनम।
मोहब्बत में किस मुकाम पर
आ गए हैं हम
मौलिक एवं स्वरचित
प्रमोद रंजन
हज़ारीबाग़/झारखण्ड
१९/०६/२०२५
मिले सफ़र में कई साथी लेकिन
सभी सफ़र की तलाश में थे।
मिल जाता कोई जो अपना लगता
ऐसे हमसफ़र की तलाश में थे।
रहते थे दस मंजिले घर में
पर जाने कैसी बेचैनियाँ थी
गाँव की गलियों में एक कच्चे
घर की तलाश में थे।
शामिल थे एक भीड़ में सब
फिर भी समझा ख़ुद को अकेला
विदा करके जो भरी भरी थी आँखे
उस माँ की नजर की तलाश में थे।
छूटे माँ बाप के लिए कसक थी
ना दे पाए उन्हें कोई सहारा
माँ की पैबंद लगी साड़ी
पिता के झुकी कमर की तलाश में थे
मिलता दस पैसे में गोली
बुढ़िया के बाल जैसी मिठाई
वो बाज़ार जहाँ दुकानदार था चाचा
उसी शहर की तलाश में थे
कान उमेठते क्लास टीचर
और छड़ी लाता मॉनिटर
होमवर्क ना कर पाने पर
पीटने के डर के तलाश में थे
मिठाई लाये अब्दुल काका
पूड़ी तल लायी रमिया ताई
संतो बुआ ने भेजा पकौड़े
घर में चुप बैठे सब
ऐसी खबर की तलाश में थे
मौलिक एवं स्वरचित
प्रमोद रंजन
हजारीबाग /झारखण्ड
२७/०६/२०२५
रिश्ते भी हो गए है जैसे सफ़र का सामान हों
हर कोई चाहता है कि इसे कम से कम रखें।
अपनी ही उलझनों में उलझा हुआ है आदमी
कैसे कोई किसी की दुनिया में कदम रखें
ख्याल खुद का रखें या इन्हें लेकर साथ चलें
एक अनचाहा बोझ है इन्हें कहाँ तक हम रखें।
सब तैयार मिलता है सफर में जरूरत जहाँ पड़े
सामान हों के रिश्ते खरीदने का दमख़म रखें।
सामान ज़्यादा हों तो मैले हो जाएँगे लिबास भी
निकले हैं सफ़र में तो ख़ुद को भी चमचम रखें
कोई तो समझाए ये काम आयेंगे जो हादसे हो
चोट लगे ना लगे सफ़र में पर साथ मरहम रखें।
अपना ख़याल रखना ही तो सफ़र में मुहाल है
इनके ख़ातिर हँसी रखें या आँखों को नम रखें।
मौलिक एवं स्वरचित
प्रमोद रंजन
हज़ारीबाग़/झारखण्ड
२६/०६/२०२५।
No comments:
Post a Comment