#गीत 🙏
फूंक दो इस सृष्टि में संजीवनी सा मंत्र कोई !
देव ! फिर से इस जगत में प्रेम का विस्तार कर दो ।
दो विरह को धैर्य और संकल्प शक्ति जानकी सी,
और मिलन को कृष्ण सा फिर प्रेम तुम निष्काम दे दो ,
संगिनी के मान के हित, युद्ध को तत्पर रहे जो,
वो पुरुष फिर से धरा को राम से अभिराम दे दो,
श्राप किसका है, कि जो पत्थर हुए सारे हृदय हैं?
फिर इन्हें छू लो अहिल्या सा इन्हें पावन करो तुम,
प्रेम को फिर राधिका मीरा से निश्छल भाव देकर
प्रेमियों के मन को फिर से आज वृंदावन करो तुम
स्वार्थ की जो भी कलुषता, आज मन पर छा गई है,
बांसुरी की एक धुन से तुम इसे निस्तार कर दो...
दो वही प्रेमी कि जिनके भाव इतने निष्कपट थे,
हंस के देते आयु सारी, प्रेम के बस एक वचन पर,
जो किसी के हो गए तो, अन्य सब थे गैर उनको,
प्राण जिनके थे समर्पित , प्रेम के उस एक प्रण पर
और वो निश्छल हृदय, जो भाग्यवश जब मिल न पाए,
तो उन्होंने मन से पहले, प्रेमियों का मान रखा,
मंदिरों को साक्षी कर, कर लिए अंतिम दरश और,
पत्र सब लौटा दिए, यूं प्रेम का सम्मान रखा ।
विष स्वयं पीकर जिन्होंने प्रेम को अमृत दिया है,
फिर वही निर्मल हृदय दो, दिव्य ये अभिसार कर दो,
देव ! आयुष्मान हों ये देहरी के दीप सारे,
सभ्यताएं छांव में इनकी हमेशा झिलमिलाए,
और मर्यादा बने सहगामिनी फिर प्रीत के संग,
संस्कृतियां प्रणय की बांह पकड़े खिलखिलाएं,
जो स्वयं की मृत्यु चुनकर , प्रेम को दे दे अमरता,
प्रेम को पद्मावती सा फिर वही अभिमान दे दो,
चिरप्रतीक्षित प्राण को, आकर मिलेगा प्रेम शिव सा,
साधनारत हर सती को फिर यही वरदान दे दो ।
प्रेम की पावन कथाओं को अमरता का वचन दो,
प्रेम से इस सृष्टि का तुम, फिर नवल श्रृंगार कर दो...
Swarika Kirti ✍️✍️
#गीत ✍️ ✍️
मैं सृजन की साधिका संकल्प स्वर दोहरा रही हूँ।
प्रेम को मैं लिख रही हूं, प्रेम को मै गा रही हूँ।
कोसते कब तक रहें हम स्वार्थ की इस कालिमा को?
फिर नियति की देहरी पर दीप क्यों न हम जलाएं ?
इस विषम बदलाव पर आवेशमय अस्तित्व है जब ,
क्या नहीं कर्तव्य है , हम प्रेम को फिर गुनगुनाएं?
चाहती हूं मन-मरुस्थल पर पुनः जीवन उदय हो,
आस से मैं, भाव के कुछ बीज बस बिखरा रही हूं।
प्रेम की पावन धुरी से यदि कहीं फिसली अगर तो,
सोचती हूं क्या नया अवलंब लेंगी सभ्यताएं?
गीत मधुरिम नेह के फिर, कौन कैसे रच सकेगा,
शून्य होंगे भाव सारे मृत हुई यदि कल्पनाएं ?
सूर, तुलसी और मीरा की दिखाई राह पर मैं,
शब्द की आराधिका, अनुगामिनी बन जा रही हूं।
जानती हूं इस धरा पर जंग है हम चांद छू लें,
किंतु ये उपलब्धियां क्या ताप मन का हर सकेंगी?
उंगलियों पर हम नक्षत्रों को घुमाना चाहते हैं,
अंध तृष्णाएं सृजन के लक्ष्य पूरे कर सकेगी?
ईश ! हों सुदृढ़ सदा, ये स्नेह के निर्दोष धागे,
भाव के हैं यत्न, गांठे द्वेष की सुलझा रही हूं।
Swarika Kirti
#कविता🌷
स्त्रियों,
सहेजना उन पुरुषों को,
जिन्होंने प्रेम किया,
पर नहीं लिखा अपने साथ,
दीवारों पर तुम्हारा नाम,
जिन्होंने प्रेम की मुलाकातों के लिए,
बंद कमरे नहीं,
मंदिर चुने !
और अनुभूति के लिए
आलिंगन नहीं,
ध्यान !
जो नहीं प्रदर्शित करते प्रेम,
बाजारों में पकड़कर तुम्हारा हाथ,
पर सुरक्षित रखते हैं तुम्हारा सम्मान
अपनी मुट्ठियों में,
जिन्होंने नहीं दिए हीरे मोती, भेंट में,
पर दिया है
तुम्हारे सपनों को विस्तार,
और साथ का संबल,
सोलह श्रृंगारों के पहले श्रृंगार में..
जो हर बार भूल जाते हैं सालगिरह,
काम की व्यस्तता में,
पर उन्हें याद रहती हैं तारीखें,
घर की ईएमआई और बच्चों की फीस की..
जो महीने के आखिर में,
अपने पास बचे उन आखिरी रुपयों से,
खरीद लाते हैं,
मां की दवाइयां,
अपनी ख्वाहिशों को अगले महीने के नाम करके,
और फिर उसके अगले...
जो भूल गए हैं अपने शौक,
पर नहीं भूले ,
अपनी जिम्मेदारियां..
मान देना उन्हें,
यदि मिलें हो तुम्हे ऐसे पुरुष,
और कहना उन्हे,
जो कभी नहीं कहा गया उनसे,
कहना ये,
की उत्सव होने जैसा है,
"तुम्हारा जीवन में होना " Swarika Kirti ✍️
#गीत 🙏
आ गया वनवास का दिन,आज वन के भाग्य जागे।
रह गए बस रोकते पथ, अश्रु कितने ही अभागे।
तुम व्यथा समझो हमारी,
छोड़कर हमको न जाओ।
राम ! वापस लौट आओ।
है निशा निस्तब्ध, निष्प्रभ हो गयी है रातरानी,
आह ! उस अट्टालिका पर, है सिसकती एक रानी,
जो किया अपराध उसको, नाग बन कर डस रहा है,
पाप का ये पाश, उसका आज अंतर कस रहा है,
ग्लानि से मन गल चुका है,
और अब तुम मत रुलाओ।
राम ! वापस लौट आओ !
दीप अब भी जल रहे पर दीप्ति उनकी खो गई है।
नव सुहागन एक अवध की अब वियोगन हो गई है।
कल चढ़ा सौभाग्य जिस पर, रिक्त क्यों है कोश उसका?
राम बस इतना बता दो, क्या भला है दोष उसका?
उर्मिला के आंसुओं का,
मान रख लो, मान जाओ।
राम ! वापस लौट आओ।
वक्ष पर साकेत के, हा ! ये नियति के घात कैसे ,
राम ! माताऐं सहेंगी, ये दु:सह संताप कैसे ?
हाय पितु के धैर्य के भी सेतु सारे टूटते हैं,
छूटते हो तुम कि उनके प्राण उनसे छूटते हैं।
ये सताए हैं समय के,
तुम नहीं इनको सताओ।
राम ! वापस लौट आओ। Swarika Kirti ✍️
#गीत 🙏
लिखने वाले प्रेम लिखेंगे, कौन लिखेगा भाव तुम्हारे ?
जिसने परिणय की वेदी पर, सतरंगी सब सपने हारे।
कलम ! आज कहनी है मुझको,
व्यथा अनकही उनके मन की।
जिनका जीवन अभिशापित है
आज लिखूँगी उलझन उनकी।
तुमने शुभ पावन परिणय के,अभिमंत्रित सब वचन निभाए।
बनी सती सी तपस्विनी पर, भाग्य तुम्हारे शिव न आए।
क्या होगा यदि खेल गई हो,नियति तुम्हारे कोमल मन से?
हार मान कर रुक जाओगी ! क्या तुम इस निर्मम जीवन से?
एक तुम्हारे रुक जाने से,
गति रुकती है क्या जीवन की?
जिनका जीवन अभिशापित है
आज लिखूँगी उलझन उनकी।
माना सिंदूरी सपनों से, साथ तुम्हारा छूट गया है।
निश्छल मन था,क्रूर नियति से, कतरा कतरा टूट गया है।
उठो सहेजो फिर से खुद को, खुद से थोड़ा प्यार जताओ।
निश्चय ही जग अपनाएगा ,पहले तुम खुद को अपनाओ।
तूफानों मे शक्ति कहाँ है ,
महक मिटा दे जो चंदन की?
जिनका जीवन अभिशापित है
आज लिखूँगी उलझन उनकी।
क्या कहती हो रो रो करके,रात बिता दी तुमने सारी?
वो क्या जाने भावुकता को, जो भावों के हैं व्यापारी।
राम मिले तो सीता बनना, वरना अपने सपने बुनना।
करो प्रेम पर प्राण निछावर, स्वाभिमान पर पहले चुनना।
तुम, पंखों से मत दे देना,
कीमत उनके कनक भवन की।
जिनका जीवन अभिशापित है
आज लिखूँगी उलझन उनकी। : Swarika Kirti ✍️✍️
#गीत🙏
पुष्प आशा के हृदय में नवसृजित हो,
तुमको पाकर, पल्लवित होकर खिले हैं।
कृष्ण पूजा में नहीं पाए हैं लेकिन,
वो मुझे वात्सल्य में आकर मिले हैं।
वो प्रथम क्षण जब तुम्हे पाया था मैने,
भर गया था रिक्त मन का कोश मेरा,
हाथ नन्हा सा लिपट उंगली से मेरी,
हर रहा था भाग्य का सब दोष मेरा,
यूं लगा जैसे विधाता ने मेरे हित,
आज सुख सौभाग्य सारा लिख दिया है,
या की मेरे इस हृदय को खींच बाहर
हाथ पर मेरे किसी ने रख दिया है,
गोद में तुमको लिया, उस पुण्य क्षण में,
पाप मेरे सब, तिरोहित हो, जले हैं...
चाहती हूं खोज लो जीवन सुधा तुम,
मैं तुम्हारे प्राण को वो प्यास दे दूं
मै तुम्हारे पांव मिट्टी पर जमा दूं ,
एक टुकड़ा हाथ में आकाश दे दूं
मैं तुम्हे संसार दिखलाऊंगी, पहले,
मै तुम्हे सपने दिखाना चाहती हूं,
सिद्धियां पाओ, अटल संकल्प की मै,
मन तुम्हारे, लौ जलाना चाहती हूं,
चूमकर माथा तुम्हारा, प्राण मेरे,
रख दिए कुछ स्वप्न तकियों के तले हैं।
जब कभी समझोगे तुम ये भाव मेरे,
मैं तुम्हे ये शब्द, ये संगीत दूंगी,
मैं नहीं भी जब रहूंगी, ये रहेंगे,
मैं विरासत में तुम्हे कोई गीत दूंगी,
प्रार्थना है ,हों सफल सारे मनोरथ,
तुम सफलता के नए आयाम पाना ,
जानते हो ! क्या बड़ी है तृप्ति इससे?
रो रही आंखों के तुम आंसू चुराना,
दीप बनकर तुम उन्हें निज दीप्ति देना
भाग्य जिनके रूठकर उनसे ढले हैं। : Swarika Kirti ✍️
#यशोधरा_गीत🙏
भावना के इस प्रबल आवेग पर,
इक शिला अब धैर्य की मैं धर रही हूं।
प्रेम का अंतिम तुम्हे उपहार है,
मुक्त अपने प्रेम से मैं कर रही हूं..
क्या नहीं पर्याप्त मेरा प्रेम था?
या समर्पण में कमी थी रह गई ?
कर गए किलकारियां भी अनसुनी
आह! निष्ठुर ये नियति क्या कह गई?
दोष किसका क्या रहा, अब छोड़िए,
आपको शुभकामना हैं, जाइए।
जो चुना है पंथ उस पर हो अटल,
सिद्धियां शुभ साधना की पाइए।
दृष्टि जिसमें थी प्रतीक्षा अनवरत,
आज मैं वैराग्य उसमें भर रही हूं।
मुक्त अपने प्रेम से मैं कर रही हूं...
प्रश्न गौतम एक हूं बस पूछती
थे नहीं निज ब्याहता को जानते ?
तुम पुरुष हम स्त्रियों को क्यों सदा
मार्ग का बस विघ्न ही हो मानते?
यदि कही होती हृदय की बात तो
क्या बनी अवरोध होती चाह में?
आर्य ! कर अभिषेक, कर देती विदा,
मैं बिछाती फूल, तप की राह में।
ढूंढती उत्तर उपेक्षा का रही,
बस इसी एक प्रश्न से मैं डर रही हूं।
मुक्त अपने प्रेम से मैं कर रही हूं..
अब नहीं आक्षेप, न अवसाद है
जाइए सारे मनोरथ हो सफल।
देहरी पर ये प्रतीक्षारत दिया ,
लो, बुझाती हूं ! रहे यात्रा अचल।
तुम बनो निर्वाण के अविचल शिखर,
मैं रहूं इक मौन विस्मृत साधिका।
आर्य जीवन मार्ग के कुरुक्षेत्र में,
है नियत ये, छूटती है राधिका।
है नहीं दायित्व अब तुम पर मेरा,
मैं स्वयं ही कष्ट अपने हर रही हूं।
मुक्त अपने प्रेम से मैं कर रही हूं... : Swarika Kirti ✍️
No comments:
Post a Comment